इंदौर,रविकांत वर्मा। टीवी इंडस्ट्री की जानी-मानी एक्ट्रेस रेमन कक्कड़ शुक्रवार दोपहर इंदौर कलेक्टर कार्यालय पहुंचीं। उन्होंने अपनी पैतृक जमीन से जुड़े विवाद को लेकर प्रशासन को आवेदन सौंपा। यह मामला बेहद कीमती जमीन से जुड़ा है जिसकी अनुमानित कीमत करीब 300 करोड़ रुपये बताई जा रही है। जमीन पर अवैध कब्जे की कोशिश के आरोप में पहले ही इंदौर पुलिस द्वारा एक शराब कारोबारी सूरज रजक के खिलाफ केस दर्ज किया जा चुका है।



एक्ट्रेस ने मीडिया से बातचीत में बताया कि जिस जमीन को लेकर विवाद चल रहा है, वह उनके पिता की संपत्ति थी और अब परिवार के चार सदस्यों उनकी मां, दोनों भाई और खुद उनके नाम पर है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक कारोबारी द्वारा इस जमीन पर कब्जा करने की कोशिश की गई, जिसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी।


रेमन कक्कड़ ने कहा कि मामले को लेकर कुछ लोग सोशल मीडिया पर भ्रामक और गलत जानकारी फैला रहे हैं जो पूरी तरह निराधार है। उन्होंने कहा कि इस तरह की बातों पर कार्रवाई की जा रही है और जल्द ही सच्चाई सामने आ जाएगी। उनका कहना है कि जमीन को लेकर जो दावे किए जा रहे हैं वे गलत हैं।


कलेक्टर कार्यालय पहुंचने को लेकर उन्होंने बताया कि वे कुछ जरूरी दस्तावेज और आवेदन देने आई थीं जो उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सौंप दिए हैं। हालांकि उनकी किसी अधिकारी से सीधी मुलाकात नहीं हो सकी।


पुलिस की अब तक की कार्रवाई पर संतोष जताते हुए एक्ट्रेस ने कहा कि शिकायत दर्ज होते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की। उन्होंने कहा कि जिस तरह से पुलिस ने तत्परता दिखाई उससे उन्हें भरोसा मिला है कि मामले में न्याय मिलेगा।


रेमन कक्कड़ के मुताबिक उनके पिता ने यह जमीन इंदौर विकास प्राधिकरण को सड़क निर्माण के उद्देश्य से दी थी। ऐसे में उस जमीन पर किसी भी प्रकार की व्यावसायिक गतिविधि की अनुमति नहीं है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में आईडीए से भी बातचीत हो चुकी है और दोनों पक्ष इस बात पर सहमत हैं कि जमीन का उपयोग केवल सड़क के लिए ही किया जा सकता है।