दमोह, राजेन्द्र तिवारी। मध्य प्रदेश के दमोह जिले में मंगलवार देर शाम कुएं में डूबने से दो मासूम बच्चियों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना जबेरा थाना क्षेत्र की वंशीपुर ग्राम पंचायत के तबरी गांव की बताई जा रही है। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के मुताबिक, दोनों बच्चियां रक्षाबंधन का त्योहार मनाने अपनी मां के साथ ननिहाल आई थीं। मंगलवार शाम दोनों बच्चियां घर के आंगन में खेल रही थीं। खेलते-खेलते दोनों परिजनों की नजरों से ओझल हो गईं। परिजनों को लगा कि बच्चियां आसपास ही खेल रही होंगी और कुछ देर बाद घर लौट आएंगी।
जब देर रात तक दोनों बच्चियां घर नहीं लौटीं तो परिजन चिंतित हो गए। इसके बाद परिवार और ग्रामीणों ने पूरे गांव में बच्चियों की तलाश शुरू की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। तलाश के दौरान परिजन जब कुएं के पास पहुंचे तो वहां बच्चियों की चप्पलें दिखाई दीं। इसके बाद गोताखोरों की मदद से कुएं में तलाश शुरू की गई।
तलाशी के दौरान कुएं से दोनों बच्चियों के शव बरामद किए गए। घटना की सूचना मिलते ही जबेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को जबेरा अस्पताल ले जाया गया, जहां ड्यूटी डॉक्टर ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद से परिवार में मातम पसरा है, वहीं गांव में भी शोक का माहौल है।














