दमोह, राजेन्द्र तिवारी। जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत दमोह देहात पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने सरदार वल्लभभाई पटेल न्यू ब्रिज के पास कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को 119.95 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 11 लाख 90 हजार रुपये बताई गई है।


पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में दमोह निवासी राजू उर्फ राजेन्द्र मिश्रा तथा सागर निवासी आशुतोष श्रीवास्तव शामिल हैं। दोनों के कब्जे से स्मैक बरामद होने पर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर मादक पदार्थ के स्रोत और नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।


पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिलेभर में नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत मई माह में अब तक सात बड़ी कार्रवाइयां की जा चुकी हैं, जिनमें 42 किलो से अधिक गांजा और स्मैक जब्त की गई है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि नशा तस्करों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।