दमोह/बटियागढ़, राजेन्द्र तिवारी। थाना क्षेत्र अंतर्गत सीतानगर सिंचाई परियोजना डेम में रविवार को नहाने गए दो युवक गहरे पानी में डूब गए। घटना की सूचना मिलते ही बटियागढ़ थाना पुलिस और नरसिंहगढ़ चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और युवकों की तलाश शुरू कराई गई।


बताया गया कि सीतानगर निवासी दिनेश पटेल और लुकायन निवासी उनके रिश्तेदार देवेंद्र पटेल डेम में नहाने गए थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नहाने के दौरान देवेंद्र का पैर फिसल गया और वह गहराई में चला गया। उसे बचाने के प्रयास में दिनेश भी पानी में कूद गया, लेकिन तेज बहाव और अधिक गहराई के कारण दोनों डूब गए।


सूचना पर नरसिंहगढ़ चौकी प्रभारी रोहित द्विवेदी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। दोनों युवकों के पानी में नहीं मिलने पर एसडीआरएफ टीम को सूचना दी गई। एसडीआरएफ प्रभारी प्राची दुबे ने बताया कि दो लोगों के डूबने की सूचना प्राप्त होने के बाद टीम को मौके पर भेजा गया है और रेस्क्यू अभियान जारी है।


घटनास्थल पर एसडीएम निकेत चौरसिया, बटियागढ़ थाना प्रभारी रजनी शुक्ला, नायब तहसीलदार कोमल अठ्या सहित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। स्थानीय लोगों की मदद से भी दोनों युवकों की तलाश की जा रही है।