बॉलीवुड के प्रसिद्ध पार्श्वगायक जुबिन नौटियाल शुक्रवार तड़के उज्जैन पहुंचे और भगवान महाकाल की भस्म आरती में शामिल हुए। करीब सुबह 4 बजे वे महाकाल मंदिर पहुँचे और नंदी हॉल में बैठकर आरती के दर्शन किए। इस दौरान वे शिव भक्ति में लीन और मंत्रमुग्ध दिखाई दिए।

आरती के बाद जुबिन ने देहरी से भगवान महाकाल का आशीर्वाद लिया और अपने आगामी टूर के सफल होने की प्रार्थना की। यह उनकी चौथी यात्रा है। जुबिन पहले भी भस्म आरती में शामिल हो चुके हैं और एक बार भजन भी प्रस्तुत किया था।

दर्शन के बाद मंदिर समिति के सहायक प्रशासक आशीष पलवाडिया ने उन्हें दुपट्टा भेंट कर सम्मानित किया। जुबिन ने मंदिर की दर्शन व्यवस्था और श्रद्धालुओं की आस्था की सराहना करते हुए कहा कि महाकाल के दर्शन हमेशा आध्यात्मिक ऊर्जा से भर देते हैं।