उमरिया, तपस गुप्ता। मध्यप्रदेश के उमरिया जिले से स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर गंभीर लापरवाही की खबर सामने आई है। यहां मेडिकल स्टोरों के संचालन में नियमों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है। आरोप है कि जिले में कई मेडिकल स्टोर किराए के फार्मासिस्ट लाइसेंस पर चल रहे हैं, जहां न तो पंजीकृत फार्मासिस्ट मौजूद रहते हैं और न ही दवा वितरण के नियमों का पालन किया जा रहा है। उमरिया जिले के बिलासपुर बस स्टैंड क्षेत्र में एक मेडिकल स्टोर शासकीय भूमि पर संचालित बताया जा रहा है, जहां फार्मासिस्ट की अनुपस्थिति में दवाइयों का खुलेआम वितरण किया जा रहा है। वहीं निगहरी स्थित शिव मेडिकल भी कथित रूप से किराए के लाइसेंस पर संचालित हो रहा है।


ग्रामीणों का आरोप है कि इन मेडिकल स्टोरों में सिर्फ दवाइयों की बिक्री ही नहीं, बल्कि इंजेक्शन और ड्रिप लगाकर मरीजों का इलाज भी किया जा रहा है, जो कि नियमों के विरुद्ध है। सबसे गंभीर बात यह है कि बिना डॉक्टर की पर्ची के ही लोगों को दवाइयां दी जा रही हैं, जिससे स्वास्थ्य पर खतरा बढ़ सकता है। स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से इन अवैध रूप से संचालित मेडिकल स्टोरों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो यह लापरवाही किसी बड़ी घटना का कारण बन सकती है। अब देखना होगा कि स्वास्थ्य विभाग इन शिकायतों को कितनी गंभीरता से लेता है और कब तक कार्रवाई करता है।