धर्मशाला। निकी प्रसाद के ऑलराउंडर प्रदर्शन के दम पर इंडिया-ए विमेंस ने हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में ऑस्ट्रेलिया-ए विमेंस के खिलाफ अनौपचारिक टेस्ट मैच को 281 रनों के अंतर से जीता। निकी ने बल्ले से कुल 95 रन बनाने के साथ बतौर गेंदबाज कुल 7 विकेट अपने नाम किए।

इकलौते टेस्ट मैच से पहले भारतीय टीम ने तीन मुकाबलों की टी20 सीरीज 0-3 से गंवाने के बाद इतने ही मुकाबलों की वनडे सीरीज 2-1 से अपने नाम की थी।

धर्मशाला में खेले गए टेस्ट मुकाबले में टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने पहली पारी में 364 रन बनाए। इस पारी में शुभा सतीश (59) ने प्रिया पुनिया (46) के साथ पहले विकेट के लिए 102 रन की साझेदारी की।

इसके बाद तनीषा सिंह (92) ने अनुष्का शर्मा (44) के साथ 82 रन और निकी प्रसाद (91) के साथ 111 रन की साझेदारी करते हुए टीम को मजबूत स्थिति तक पहुंचाया। विपक्षी खेमे से लिल्ली मिल्स ने सर्वाधिक 4 विकेट हासिल किए, जबकि चार्ली नॉट को 3 विकेट हाथ लगे।

इसके जवाब में ऑस्ट्रेलियाई टीम पहली पारी में सिर्फ 176 रन पर ढेर हो गई। कप्तान रेचल ट्रेनामन (44) ने ताहलिया विल्सन (35) के साथ पहले विकेट के लिए 66 रन की साझेदारी की। इसके बाद निरंतर अंतराल पर विकेट गिरते रहे। भारतीय खेमे से वैष्णवी शर्मा ने सर्वाधिक 6 विकेट निकाले, जबकि सुची उपाध्याय और निकी प्रसाद को 2-2 विकेट हाथ लगे।

इंडिया-ए विमेंस के पास पहली पारी के आधार पर 188 रन की बढ़त थी। शुभा सतीश ने प्रिया पुनिया के साथ पहले विकेट के लिए 61 रन जोड़े। शुभा 27 रन बनाकर आउट हुईं, जिसके बाद कप्तान यास्तिका भाटिया ने प्रिया पुनिया के साथ दूसरे विकेट के लिए 74 रन जुटाकर टीम को 134 के स्कोर तक पहुंचाया।

प्रिया 59 रन बनाकर आउट हुईं, जबकि यास्तिका ने 46 रन की पारी खेली। इनके अलावा, अनुष्का शर्मा ने 48 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। ऑस्ट्रेलियाई टीम से लिल्ली मिल्स ने 88 रन देकर 5 विकेट हासिल किए, जबकि फ्रैंकी निक्लिन ने 4 विकेट चटकाए।

ऑस्ट्रेलिया-ए विमेंस को जीत के लिए 446 रन का विशाल टारगेट मिला, जिसका पीछा करने उतरी मेहमान टीम दूसरी पारी में सिर्फ 164 रन पर ढेर हो गई। कप्तान रेचल ट्रेनामन (26) ने ताहलिया विल्सन (28) के साथ पहले विकेट के लिए 51 रन जोड़े, जिसके बाद विकेटों का पतझड़ लग गया। आलम ये रहा कि 80 के स्कोर तक 8 बल्लेबाज पवेलियन लौट गईं।

यहां से लिल्ली मिल्स (32) ने टेस फ्लिंटॉफ (58) के साथ नौवें विकेट के लिए 74 रन जोड़े, लेकिन टीम को शर्मनाक हार से बचा नहीं सकीं। मेजबान खेमे से निकी प्रसाद ने 5 शिकार किए, जबकि वैष्णवी शर्मा ने 3 विकेट निकाले।