भोपाल, जीतेन्द्र यादव। राजधानी भोपाल के गोविंदपुरा थाना क्षेत्र स्थित गौतम नगर के एक होटल में मुस्लिम युवक और हिन्दू युवती के मिलने की सूचना पर जमकर हंगामा हो गया। आरोप है कि बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने होटल पहुंचकर युवक के साथ मारपीट की, उसे अर्धनग्न कर दिया तथा उसके चेहरे पर गोबर और स्याही पोत दी।
जानकारी के अनुसार पकड़ा गया युवक जहांगीराबाद निवासी आरिफ खान बताया जा रहा है, जबकि युवती अयोध्या नगर क्षेत्र की रहने वाली है। दोनों एक होटल में ठहरे हुए थे, तभी संगठन के कार्यकर्ता वहां पहुंच गए और विवाद की स्थिति बन गई। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि आरोपी युवक आरिफ खान का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। हालांकि पुलिस ने अभी इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। घटना की सूचना मिलने के बाद गोविंदपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले को शांत कराया।
पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। होटल में दोनों किस परिस्थिति में ठहरे थे, मारपीट और अभद्रता की घटना कैसे हुई, तथा इसमें कौन-कौन लोग शामिल थे, इसकी जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।




