मैहर। मध्य प्रदेश के मैहर जिले स्थित ककरा आंगनबाड़ी केंद्र से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेज़ी से वायरल हो रहा है, जिसमें आंगनबाड़ी में बच्चों को पोषण आहार के नाम पर केवल नमक और पूड़ी परोसी जाती दिख रही है। मासूम बच्चों की थाली में सिर्फ नमक-पूड़ी देख महिला एवं बाल विकास विभाग (WCD) में हड़कंप मच गया है।
अधिकारियों का दावा: तीन महीने पुराना है वीडियो, खीर परोसने से पहले बनाया गया क्लिप
मामला उजागर होते ही जिला कार्यक्रम अधिकारी (DPO) राजेंद्र बांगड़े ने संज्ञान लेते हुए जांच के आदेश दे दिए हैं। जांच की कमान परियोजना अधिकारी अखिलेश दीपांकर को सौंपी गई है, जिन्होंने मौके पर पहुंचकर पड़ताल शुरू कर दी है।
परियोजना अधिकारी अखिलेश दीपांकर ने शुरुआती पड़ताल के बाद बताया:
तीन महीने पुराना मामला: यह वीडियो करीब तीन महीने पुराना (मंगलवार का) बताया जा रहा है, जिसे गुरुवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट किया गया।
खीर-पूड़ी का दिन: मंगलवार को आंगनबाड़ी में बच्चों को खीर-पूड़ी देने का प्रावधान रहता है।
विभागीय सफाई: अधिकारी के मुताबिक, सहायिका ने पहले थाली में नमक और पूड़ी परोसी थी और वह खीर परोसने ही जा रही थी कि इसी बीच किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी सख्त कार्रवाई
जिला कार्यक्रम अधिकारी राजेंद्र बांगड़े ने स्पष्ट किया है कि वायरल वीडियो के हर पहलू और तथ्यों की गहनता से पड़ताल की जा रही है। परियोजना अधिकारी से विस्तृत जांच रिपोर्ट तलब की गई है।
प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद यदि लापरवाही या अनियमितता पाई जाती है, तो जिम्मेदार कर्मचारियों और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।




