पन्ना, अमित सिंह। पन्ना जिले की जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत दिया एक बार फिर विवादों के केंद्र में है। इस बार एक विधवा महिला ने पंचायत के सरपंच रामशिरोमणि लोधी सहित कुछ ग्रामीणों पर उसकी पट्टे की जमीन पर अवैध कब्जा कराने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने जिला कलेक्टर और बृजपुर थाना पुलिस को लिखित शिकायत देकर अपनी भूमि वापस दिलाने तथा आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है। मामले में पुलिस ने शिकायत के आधार पर एनसीआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


महिला का आरोप है कि उसकी पट्टे की भूमि पर सुनियोजित तरीके से कब्जा कराया गया है, जिससे वह अपने अधिकार से वंचित हो गई है। उसने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर भूमि का कब्जा वापस दिलाने और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पीड़िता का कहना है कि न्याय की उम्मीद में वह कई बार अधिकारियों के पास पहुंच चुकी है।


वहीं, ग्राम पंचायत दिया के कई ग्रामीणों ने भी सरपंच पर गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत में पहले भी विकास कार्यों में अनियमितता, भ्रष्टाचार और मनमानी को लेकर कई शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन अब तक किसी भी मामले में प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि शिकायतों के बावजूद संबंधित अधिकारियों की निष्क्रियता और कथित संरक्षण के कारण सरपंच के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं, जिससे गरीब और कमजोर वर्ग के लोगों के अधिकार प्रभावित हो रहे हैं।


इधर, बृजपुर थाना पुलिस ने महिला की शिकायत पर एनसीआर दर्ज कर मामले की जांच प्रारंभ कर दी है। पुलिस का कहना है कि सभी तथ्यों की निष्पक्ष जांच की जा रही है तथा जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। अब इस मामले में जिला प्रशासन और पुलिस की जांच पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो पंचायत स्तर पर भूमि विवाद और कथित अनियमितताओं से जुड़े मामलों में बड़ी कार्रवाई की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।