भिंड, अक्षय जोशी । जिले में नाबालिग बालिका के साथ कथित गैंगरेप के बाद उसकी हत्या किए जाने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने झांकरी चौकी का घेराव कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। नाबालिग का शव गांव पहुंचने से पहले ही बड़ी संख्या में लोग चौकी के बाहर एकत्र हो गए और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई।


ग्रामीणों का आरोप है कि आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए पुलिस को तेजी से कार्रवाई करनी चाहिए। बढ़ते तनाव को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। वरिष्ठ अधिकारी भी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और लोगों को शांत कराने का प्रयास कर रहे हैं।


जानकारी के अनुसार, नाबालिग की हत्या के बाद शव को जलाने का प्रयास किया गया और उसे ग्वालियर की गुप्तेश्वर पहाड़ी क्षेत्र में फेंक दिया गया था। मामले का खुलासा होने के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है तथा आरोपियों की गिरफ्तारी और अन्य पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।


ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई नहीं हुई तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करेंगे। वहीं प्रशासन ने निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।