छतरपुर/गढ़ी मलहरा, जाहिद खान। जिले में लगातार हो रही बारिश के चलते जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। बारिश के कारण कच्चे और पुराने मकानों के गिरने का खतरा बढ़ गया है। इसी बीच गढ़ी मलहरा थाना क्षेत्र के सिंदूरकी गांव में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। जर्जर मकान की दीवार अचानक गिरने से मलबे में दबकर 70 वर्षीय लक्ष्मी प्रसाद राजपूत की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक नाबालिग बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में दो अन्य बच्चों को मामूली चोटें आई हैं।


जानकारी के अनुसार, लक्ष्मी प्रसाद राजपूत गुरुवार दोपहर अपने खेत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अचानक पुराने मकान की दीवार भरभराकर गिर गई। दीवार के मलबे में बुजुर्ग समेत तीन नाबालिग बच्चे दब गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। ग्रामीण तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।


ग्रामीणों ने मलबा हटाकर दो बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। वहीं, मलबे में दबे लक्ष्मी प्रसाद को भी बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। एक अन्य नाबालिग बच्चे को गंभीर हालत में बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। दो बच्चों को मामूली चोटें आई हैं।


घटना की सूचना मिलने पर गढ़ी मलहरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। लगातार बारिश के बीच हुए इस हादसे ने गांव में चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों ने जर्जर और कच्चे मकानों को लेकर प्रशासन से सतर्कता बरतने की मांग की है।