गुनौर, जीतेन्द्र रजक । मध्य प्रदेश शासन के वेयरहाउसिंग एवं लॉजिस्टिक्स कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष संजय नगायच के प्रथम गुनौर आगमन पर नगर में भव्य स्वागत किया गया। भाजपा कार्यकर्ताओं, समर्थकों एवं शुभचिंतकों ने नगर के विभिन्न स्थानों पर पुष्पमालाएं पहनाकर, साफा बांधकर तथा तुलादान कर उनका आत्मीय अभिनंदन किया। पूरे नगर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला और जगह-जगह स्वागत द्वार सजाए गए।
इस अवसर पर गुनौर विधायक डॉ. राजेश कुमार वर्मा भी कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने संजय नगायच का स्वागत करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में प्रदेश की वेयरहाउसिंग व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी तथा किसानों के हितों को प्राथमिकता मिलेगी। कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
स्वागत यात्रा के दौरान ढोल-नगाड़ों, बैंड-बाजों और जयघोष के बीच संजय नगायच का काफिला नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा। जगह-जगह पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया गया। समारोह में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं नागरिक उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में संजय नगायच ने गुनौर की जनता, कार्यकर्ताओं एवं शुभचिंतकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो सम्मान और स्नेह यहां मिला है, वह सदैव उनके लिए स्मरणीय रहेगा। उन्होंने विश्वास दिलाया कि वे प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने तथा किसानों और आमजन के हित में पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे। कार्यक्रम के समापन पर कार्यकर्ताओं ने इसे गुनौर के लिए गौरव का क्षण बताते हुए संजय नगायच के सफल एवं जनहितैषी कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।

