वाशिंगटन। अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने आरोप लगाया है कि ईरान ने कमर्शियल जहाजों पर हमले फिर से शुरू करके अमेरिका के साथ हालिया समझौते का उल्लंघन किया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि होर्मुज स्ट्रेट से समुद्री यातायात में बाधा डालने की कोई भी और कोशिश अमेरिका की ओर से और भी कड़े सैन्य जवाब को न्योता देगी।
जेडी वेंस ने विस्कॉन्सिन के मिलवॉकी में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि ट्रंप प्रशासन हाल की दुश्मनी के बाद तेहरान के साथ एक समझौते पर पहुंच गया था, लेकिन ईरान ने उसका पालन नहीं किया। वेंस ने कहा, "हमने ईरानियों के साथ एक समझौता किया था। यह समझौता उस समय हुआ जब अमेरिका अधिकतम दबाव और अधिकतम ताकत की स्थिति में था।"
वेंस ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और अमेरिकी सेना की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनकी वजह से ईरान की सैन्य क्षमता काफी कमजोर हो गई। उन्होंने कहा, "हमारी शानदार अमेरिकी सेना और राष्ट्रपति की कोशिशों की वजह से हम इस स्थिति में अधिकतम ताकत के साथ पहुंचे। ईरान का परमाणु कार्यक्रम नष्ट हो गया, उसकी पारंपरिक सैन्य क्षमता भी खत्म हो गई। अब ईरान के कुछ लोग कह रहे हैं कि वे अमेरिका के साथ अपने संबंध बदलना चाहते हैं और नई शुरुआत करना चाहते हैं।"
उपराष्ट्रपति के अनुसार, दोनों देशों के बीच हुए समझौते का मुख्य आधार हॉर्मुज स्ट्रेट में जहाजों की आवाजाही की स्वतंत्रता सुनिश्चित करना था, जो दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण तेल परिवहन मार्गों में से एक है।
उन्होंने कहा, "हमारी बुनियादी शर्त यह थी कि अगर आप जहाजों पर गोलीबारी बंद करेंगे तो हम अपनी नाकाबंदी हटाएंगे। लेकिन अगर आप जहाजों पर हमला करेंगे, तो हम पहले से भी अधिक ताकत से जवाब देंगे।"
वेंस ने दावा किया कि ईरान ने शुरू में इस समझौते का पालन किया था। उपराष्ट्रपति बोले, "उन्होंने (ईरान) कहा था कि वे जहाज़ों पर गोली चलाना बंद कर देंगे। 24 घंटे पहले उन्होंने फिर से जहाजों पर गोली चलाना शुरू कर दिया। लगभग एक सप्ताह तक उनका बर्ताव अच्छा था, लेकिन फिर उन्होंने जहाजों पर गोली चलाना शुरू कर दिया।"
जेडी वेंस ने चेतावनी दी कि अगर हमले जारी रहे तो अमेरिका सैन्य तरीके से जवाब देना जारी रखेगा। वेंस ने कहा, "समझौता बहुत सीधा है। अगर वे जहाजों पर हमला करेंगे, तो हम उन्हें करारा जवाब देंगे। राष्ट्रपति ट्रंप के पास कई विकल्प हैं, लेकिन मैं संभावित सैन्य कार्रवाई पर टिप्पणी नहीं करूंगा।"
वेंस ने कहा कि होर्मुज स्ट्रेट को खुला रखना एक रणनीतिक प्राथमिकता है, क्योंकि यह वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति के लिए जरूरी है। उन्होंने कहा, "राष्ट्रपति ने साफ शब्दों में कहा है कि होर्मुज स्ट्रेट खुला रहेगा। इसका मतलब है कि अमेरिकी लोगों तक तेल और गैस की सप्लाई होती रहेगी। इसीलिए हम देख रहे हैं कि गैस की कीमतें कम होने लगी हैं। तेल की कीमतें इतनी कम इसलिए हैं क्योंकि राष्ट्रपति ने कहा है कि वह अहम रास्ता, जिससे दुनिया की अधिक ऊर्जा की सप्लाई होती है, उसे खुला रहना ही चाहिए।"
वेंस ने आगे कहा, "अगर वे इसे बंद करने की कोशिश करते हैं, तो अमेरिकी सेना की तरफ से जवाब दिया जाएगा। बात बहुत साफ है। या तो वे इसे मान लें, या फिर उनके साथ वही होगा जो कल रात हुआ था। ऐसा तब तक होता रहेगा जब तक वे उस रास्ते को खोल नहीं देते और जहाजों पर गोलीबारी बंद नहीं कर देते।"












