दमोह, राजेन्द्र तिवारी। बटियागढ़ थाना क्षेत्र की फुटेरा चौकी अंतर्गत ग्राम फुटेरा में एक महिला द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। घटना से गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार ग्राम फुटेरा निवासी जमुना बाई पति भूपेंद्र काछी (25 वर्ष) ने अज्ञात कारणों के चलते अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक पंचनामा कार्रवाई पूरी की।
इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बटियागढ़ भेजा गया। रात्रि होने के कारण शव को अस्पताल में सुरक्षित रखवाया गया है। शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
परिजनों ने बताया कि मृतका कुछ समय से इलाज के लिए भोपाल गई हुई थी और हाल ही में घर लौटी थी। घर लौटने के बाद उसने यह आत्मघाती कदम उठा लिया। हालांकि आत्महत्या के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो सका है।
पुलिस का कहना है कि मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है तथा सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

