दुबई। पाकिस्तानी बल्लेबाज गुल फिरोजा को विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप-ए मैच के दौरान आईसीसी आचार संहिता के 'लेवल 1' के उल्लंघन का दोषी पाया गया है, जिसके चलते आधिकारिक तौर पर फटकार लगाने के साथ उनके खाते में एक डिमेरिट अंक जोड़ा गया है।
यह घटना ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ लीड्स में खेले गए मैच के दौरान पाकिस्तानी पारी के दूसरे ओवर में हुई। ओवर की दूसरी गेंद पर फिरोजा रन आउट हो गईं, जिसके बाद उन्होंने टीम डगआउट के पास गुस्से में अपना बल्ला और दस्ताने फेंक दिए।
फिरोजा को खिलाड़ियों और खिलाड़ी सहायता कर्मियों के लिए आईसीसी आचार संहिता के अनुच्छेद 2.2 का उल्लंघन करते हुए पाया गया। यह नियम अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान क्रिकेट के सामान या कपड़ों, मैदान के उपकरणों या फिक्स्चर और फिटिंग के गलत इस्तेमाल से संबंधित है। चूंकि, यह 24 महीने की अवधि में फिरोजा का पहला अपराध था, इसलिए उनके अनुशासनात्मक रिकॉर्ड में एक डिमेरिट अंक जोड़ा गया है।
यह आरोप ऑन-फील्ड अंपायर सू रेडफर्न और वृंदा राठी, थर्ड अंपायर जैकलीन विलियम्स और फोर्थ अंपायर शथिरा जाकिर जेसी ने लगाया था।
फिरोजा ने अपना अपराध स्वीकार करने के साथ एमिरेट्स आईसीसी इंटरनेशनल पैनल ऑफ मैच रेफरीज की मैच रेफरी मिशेल परेरा की तरफ से प्रस्तावित सजा को मान लिया, जिसके चलते किसी औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी।
लेवल-1 के उल्लंघन के लिए कम से कम आधिकारिक फटकार और ज्यादा से ज्यादा खिलाड़ी की मैच फीस का 50 प्रतिशत जुर्माना और एक या दो डिमेरिट अंक की सजा हो सकती है।
23 जून को खेले गए इस मैच में ऑस्ट्रेलिया ने 7 विकेट खोकर 199 रन बनाए। इस दौरान एलिस पेरी ने 48 गेंदों में 71 रन की पारी खेली, जबकि जॉर्जिया वोल ने 39 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। इसके जवाब में पाकिस्तानी टीम 13.4 ओवरों में 86 रन पर सिमट गई। पाकिस्तान के लिए मुनीबा अली ने सर्वाधिक 32 रन बनाए।
शुरुआती चारों मैच गंवाने के बाद पाकिस्तान 'ग्रुप-ए' की प्वाइंट्स टेबल में पांचवें पायदान पर है। यह टीम खिताबी रेस से बाहर है। पाकिस्तान अपना अंतिम ग्रुप मुकाबला 27 जून को नीदरलैंड के खिलाफ खेलेगा।

