छतरपुर, संजय अवस्थी। जिला अदालत परिसर में बुधवार को प्रेम की एक अनोखी मिसाल देखने को मिली। ग्राम राईपुरा निवासी कमलेश अवस्थी और शिवानी दास ने बिना किसी भारी-भरकम रस्मों और अनावश्यक खर्च के सादगी भरी शादी कर दी। दोनों ने अदालत परिसर में एक-दूसरे को वरमाला पहनाकर हिंदू रीति-रिवाज से विवाह किया।


कमलेश अवस्थी ने बताया कि उन्होंने अपनी मर्जी से शिवानी दास से शादी की है। विवाह के बाद नवविवाहित जोड़े ने खुशी जाहिर करते हुए अपने उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस मौके पर मौजूद अधिवक्ताओं ने जोड़े को मिठाई खिलाकर बधाई दी और शुभकामनाएं व्यक्त कीं।


शिवानी दास ने साफ कहा, “मैंने अपनी पूरी इच्छा से यह विवाह किया है। मुझ पर किसी तरह का दबाव नहीं था।”

प्रेम कहानी का सफर


एडवोकेट रवि पाण्डेय ने बताया कि दोनों लंबे समय से एक-दूसरे को जानते थे। मोबाइल के जरिए लगातार संपर्क बरकरार रहा, जिससे धीरे-धीरे दोनों के बीच गहरी दोस्ती और फिर प्रेम का रिश्ता विकसित हुआ। अंत में दोनों ने शादी का फैसला कर लिया।


एडवोकेट पाण्डेय ने इस शादी को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया। उन्होंने कहा कि आजकल शादियों में हो रहे भारी खर्च को देखते हुए ऐसी सादगीपूर्ण शादियां युवाओं के लिए एक बेहतरीन उदाहरण हैं। इससे परिवारों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ भी कम होता है।


समाज के लिए संदेश


यह घटना साबित करती है कि सच्चा प्रेम भव्य आयोजन या भारी खर्च की मोहताज नहीं होता। जिला अदालत परिसर में हुई यह सादगी भरी शादी युवा जोड़ों के लिए एक नजीर बनकर उभरी है।