छतरपुर, संदीप यादव। जिले के बमीठा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सूरजपुरा निवासी संतोष प्रजापति (36 वर्ष) पिता गिरधारी प्रजापति की पेड़ से गिरने के कारण दर्दनाक मौत हो गई। बताया गया है कि संतोष सुबह करीब 7 बजे तेंदूपत्ता तोड़ने के लिए पेड़ पर चढ़ा था। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर गया, जिससे उसके शरीर में गंभीर अंदरूनी चोटें आईं।


मृतक के भाई रामस्वरूप प्रजापति ने बताया कि घटना की जानकारी संतोष की पत्नी राजकुमारी ने फोन पर परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल युवक को खेत से चारपाई के सहारे घर लाए। इसके बाद गांव से किराए की टैक्सी कर उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल छतरपुर पहुंचाया गया।


जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने युवक को ट्रॉमा वार्ड में भर्ती कर उपचार शुरू किया, लेकिन हालत गंभीर होने पर उसे ग्वालियर रेफर कर दिया गया। परिजनों के अनुसार ग्वालियर ले जाते समय रास्ते में ही संतोष ने दम तोड़ दिया। बाद में शव को वापस जिला अस्पताल छतरपुर लाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। रविवार सुबह करीब 11:30 बजे जिला अस्पताल में मृतक का पोस्टमार्टम कराया गया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।