भोपाल, जीतेन्द्र यादव। राजधानी भोपाल के कटारा हिल्स थाना क्षेत्र में एक महीने पहले मिले युवक के शव के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने तकनीकी जांच और मोबाइल की लोकेशन के आधार पर आरोपी अजय सिंह मेवाड़ा को गिरफ्तार कर हत्या की गुत्थी सुलझा ली है।


पुलिस के अनुसार, 29 मई 2026 को झागरिया हाईवे स्थित इकोलॉजिकल पार्क के पास एक युवक का करीब पांच दिन पुराना शव मिला था। मृतक की पहचान मंडीदीप निवासी राजेश राय के रूप में हुई थी। घटनास्थल से उसका मोबाइल फोन गायब था, जिसके बाद पुलिस ने मोबाइल के IMEI नंबर और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) के आधार पर जांच शुरू की।


जांच के दौरान मोबाइल अजय मियाना के पास मिला। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस आरोपी अजय सिंह मेवाड़ा तक पहुंची। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मृतक के संपर्क में आया था और उसे सुनसान स्थान पर ले गया। वहां आरोपी ने मृतक के साथ जबरदस्ती समलैंगिक संबंध बनाने का प्रयास किया।


मृतक द्वारा विरोध किए जाने पर दोनों के बीच विवाद हो गया। इसी दौरान आरोपी ने राजेश राय का सिर पत्थर पर पटक दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी मृतक का मोबाइल लेकर फरार हो गया ताकि उसकी पहचान और घटना से जुड़े सबूत छिपाए जा सकें।


कटारा हिल्स पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल की लोकेशन के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।