उज्जैन। शहर के लालबाई-फूलबाई इलाके में मंगलवार रात एक 19 वर्षीय युवती को बिना नंबर की काली कार में बैठाकर ले जाने की सनसनीखेज वारदात सामने आई। मौके पर लगे सीसीटीवी फुटेज में युवकों द्वारा युवती को खींचकर कार में बैठाते दिखने के बाद परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने तत्काल अपहरण की धाराओं में मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी। हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम में कुछ ही घंटों के भीतर एक नया मोड़ आ गया, जब युवती ने कथित आरोपी युवक के साथ एक वीडियो रिकॉर्ड कर परिजनों को भेजा और दावा किया कि वह अपनी मर्जी से गई है और किसी तरह का कोई दबाव या जबरदस्ती नहीं हुई है।


घर के बाहर खड़ी थी युवती, CCTV में कैद हुई खींचतान

घटना मंगलवार रात करीब 8 बजे की है। लालबाई-फूलबाई क्षेत्र में रहने वाले थाने के क्रेन चालक की 19 वर्षीय पुत्री अपने घर के बाहर खड़ी थी। इसी दौरान एक बिना नंबर की काली कार आकर रुकी, जिसमें दो युवक सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों और सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के अनुसार, युवकों ने युवती को कार के अंदर खींचा और तेजी से गाड़ी दौड़ाकर मौके से फरार हो गए। सड़क पर हुई इस खींचतान को देखकर आसपास के लोग और परिजन सन्न रह गए। परिजनों ने तत्काल थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने बिना देर किए अपहरण की एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की धरपकड़ के लिए घेराबंदी शुरू कर दी।


यह भी पढि़ए:

पितृपक्ष में तर्पण के दौरान भीषण त्रासदी:नदी में डूबने से एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत, मासूम को बचाने में गहरे पानी में समा गए लोग


उर्दूपुरा निवासी ध्रुव कुमावत के रूप में हुई पहचान, टीमें गठित

मामले की जांच में जुटे थाना प्रभारी प्रतीक शर्मा ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय इनपुट के आधार पर कार सवार मुख्य युवक की पहचान उर्दूपुरा निवासी ध्रुव कुमावत के रूप में हुई है, जबकि उसके साथ एक अन्य साथी भी मौजूद था। पुलिस ने दोनों की तलाश के लिए साइबर सेल सहित कई विशेष टीमें गठित की हैं। वारदात के बाद से ही ध्रुव का मोबाइल फोन लगातार स्विच ऑफ आ रहा है, जिसकी लोकेशन और कॉल डिटेल रिकॉर्ड्स (CDR) खंगाले जा रहे हैं।


वीडियो जारी कर बोली युवती—'हम 4 साल से संपर्क में हैं, परिजनों को परेशान न करें'

पुलिस की सघन घेराबंदी के बीच रात में ही सोशल मीडिया और परिजनों के मोबाइल पर एक वीडियो सामने आया। इस वीडियो में युवती आरोपी युवक ध्रुव कुमावत के साथ बैठी नजर आ रही है। वीडियो में ध्रुव कहता सुनाई दे रहा है कि वह युवती से पिछले 4 वर्षों से बातचीत कर रहा था और दोनों अपनी मर्जी से गए हैं, इसलिए उनके परिवार के लोगों पर कोई दबाव न बनाया जाए। वहीं, युवती भी वीडियो में अपनी उम्र 19 वर्ष बताते हुए कह रही है कि उसके साथ कोई जोर-जबरदस्ती या किडनैपिंग नहीं हुई है। मौके पर एक महिला द्वारा उसका हाथ पकड़ लिए जाने के कारण वह स्थिति खींचतान जैसी दिखी थी। दोनों ने वीडियो में एक-दूसरे से शादी करने की इच्छा जताई है और कहा है कि वे दो से तीन दिनों के भीतर खुद पुलिस के सामने पेश हो जाएंगे।


पुलिस का रुख: दस्तयाबी के बाद ही साफ होगी पूरी तस्वीर

टीआई प्रतीक शर्मा के अनुसार, वीडियो सामने आने के बावजूद दर्ज मामले के तहत पुलिस की कानूनी जांच जारी रहेगी। पुलिस का कहना है कि जब तक दोनों को सकुशल दस्तयाब कर युवती के न्यायालय और पुलिस के समक्ष स्वतंत्र बयान दर्ज नहीं हो जाते, तब तक इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं की जा सकती कि वीडियो किसी दबाव में बनवाया गया है या स्वेच्छा से। पुलिस टीमें दोनों की लोकेशन ट्रेस करने और संबंधित कार को बरामद करने के प्रयास में लगातार जुटी हुई हैं।