छतरपुर, संजय पाठक। शहर की बदहाल सड़कों, आवारा पशुओं के जमावड़े और नगर पालिका की उपेक्षापूर्ण कार्यप्रणाली को लेकर बुधवार को कांग्रेस युवा सेवादल के कार्यकर्ताओं ने कलेक्टर एवं एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। जिला अध्यक्ष अजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने नगर की ज्वलंत समस्याओं पर प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराते हुए जल्द से जल्द उचित कार्रवाई की मांग की है।


सौंपे गए ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि वर्तमान में बारिश का मौसम चल रहा है और आने वाले समय में लगातार त्योहारों की शुरुआत होने वाली है, जिससे शहर में लोगों का आवागमन और भीड़भाड़ बढ़ेगी। ऐसे में बस स्टैंड से लेकर पन्ना नाके तक का पूरा मार्ग उखड़ा हुआ है और जगह-जगह गड्ढे बने हुए हैं। बार-बार ध्यान आकर्षित कराने के बावजूद सड़क की केवल अस्थायी मरम्मत की जा रही है, जो तेज बारिश और भारी वाहनों के दबाव में बह जाती है। खस्ताहाल सड़क के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।


ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई है कि बस स्टैंड से पन्ना नाका मार्ग पर जल्द से जल्द पक्की और गुणवत्तापूर्ण सड़क का निर्माण कराया जाए। इसके अलावा शहर और हाईवे पर घूम रहे आवारा पशुओं के कारण बढ़ते हादसों को रोकने के लिए गौशालाओं का निरीक्षण कर पशुओं को सुरक्षित गौशाला पहुंचाया जाए तथा वार्डों व मोहल्लों में टीम गठित कर पशुओं के स्थानांतरण के निर्देश जारी किए जाएं। सेवादल ने बंद पड़े सार्वजनिक शौचालयों की व्यवस्था सुदृढ़ करने की भी मांग की है ताकि आमजन व महिलाओं को होने वाली परेशानी से राहत मिल सके। ज्ञापन सौंपते समय यंग ब्रिगेड सेवादल के तमाम पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।