ग्वालियर। शहर के पुरानी छावनी थाना क्षेत्र से सात दिन पहले लापता हुई 10 वर्षीय मासूम बच्ची को पुलिस ने तीन राज्यों में चले सघन सर्च ऑपरेशन के बाद उत्तर प्रदेश के आगरा में सुरक्षित खोज निकाला है। बच्ची ने घर में रखे 200 रुपये बिना पूछे खर्च कर दिए थे, जिस पर पिता ने उसे डांटने के साथ मारपीट भी की थी। इसी बात से आहत होकर वह चुपचाप घर छोड़कर निकल गई थी। पुरानी छावनी थाना पुलिस की 14 सदस्यीय विशेष टीम ने एक सप्ताह की कड़ी मशक्कत के बाद मंगलवार रात करीब 11 बजे आगरा के एक बालिका गृह से बच्ची को सुरक्षित दस्तयाब किया।


तीन राज्यों में चला सर्च ऑपरेशन, खंगाले गए 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरे

बच्ची के लापता होने की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन ने तत्काल 14 सदस्यीय विशेष टीम का गठन कर तलाश शुरू की। टीम ने सबसे पहले रितुराज होटल और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके पश्चात मुरैना रोड, जौरा, सबलगढ़ और श्योपुर रोड से होते हुए धौलपुर और आगरा तक जाने वाले तमाम संभावित मार्गों के 300 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की बारीकी से जांच की गई। इसके अलावा, पुलिस ने यात्री बसों के ड्राइवर-कंडक्टर और राहगीरों को बच्ची की तस्वीर दिखाकर भी लगातार पूछताछ की।


रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर चिपकाए पोस्टर, जागरूक राहगीर की मदद से मिली बच्ची

पुलिस ने मध्य प्रदेश के साथ-साथ राजस्थान और उत्तर प्रदेश पुलिस को भी बच्ची की गुमशुदगी के संबंध में अलर्ट भेजा था। धौलपुर और आगरा के रेलवे स्टेशनों, बस स्टैंड और प्रमुख बाजारों में बच्ची की फोटो वाले पोस्टर चस्पा किए गए। इसी प्रयास के चलते मंगलवार रात पुलिस को महत्वपूर्ण सूचना मिली कि आगरा में भटकती मिली एक बच्ची को किसी जागरूक राहगीर ने सुरक्षित बालिका गृह पहुंचाया है।



मंगलवार रात 11 बजे आगरा पहुंची ग्वालियर पुलिस, आज लौटेगी शहर

सूचना की पुष्टि होते ही ग्वालियर पुलिस की टीम मंगलवार रात करीब 11 बजे आगरा स्थित बालिका गृह पहुंची, जहां बच्ची के पूरी तरह सुरक्षित होने की पुष्टि हुई। पुरानी छावनी थाना प्रभारी (टीआई) संतोष यादव ने बताया कि बालिका गृह से बच्ची को सुपुर्दगी में लेने की सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं पूरी कर ली गई हैं और बुधवार को पुलिस टीम बच्ची को सुरक्षित लेकर ग्वालियर पहुंचेगी।