सतना, सजल कुमार रजक। जिले के रामस्थान स्थित भिलाई जेपी सीमेंट प्लांट की मैगजीन में सेंध लगाकर करीब 15 नकाबपोश बदमाश 1120 इलेक्ट्रिक डेटोनेटर चोरी कर ले गए। इस बड़ी वारदात के बाद संयंत्र की सुरक्षा व्यवस्था और विस्फोटक भंडारण की निगरानी को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। आरोपियों के मैगजीन परिसर में लगे तड़ित चालक की तांबे की पट्टी भी उखाड़कर ले जाने से घटना के सुनियोजित होने के संकेत मिल रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना 23 नवंबर की रात करीब 10 बजकर 23 मिनट की बताई जा रही है। बदमाशों ने योजनाबद्ध ढंग से मैगजीन परिसर में प्रवेश किया और वहां रखी विस्फोटक सामग्री समेटकर फरार हो गए। मामले का खुलासा माइंस विभाग और सुरक्षा विभाग के संयुक्त निरीक्षण के दौरान हुआ। इसके बाद प्लांट के सुरक्षा प्रभारी विनोद सिंह ने बाबूपुर पुलिस चौकी में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
खदानों में ब्लास्टिंग के लिए उपयोग होने वाले 1120 इलेक्ट्रिक डेटोनेटर एक साथ चोरी होने से प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ गई है। कोटर और बिरसिंहपुर क्षेत्र में सक्रिय अवैध उत्खनन से जुड़े गिरोहों के इस वारदात में शामिल होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
वारदात के बाद यह सवाल भी अहम हो गया है कि 15 नकाबपोश बदमाश इतनी संवेदनशील मैगजीन तक कैसे पहुंचे और उन्हें विस्फोटक सामग्री के भंडारण की सटीक जानकारी किसने दी। घटना के समय सुरक्षा व्यवस्था की स्थिति क्या थी और चोरी के बाद डेटोनेटर कहां ले जाए गए, पुलिस इन सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। फिलहाल आरोपियों की पहचान और चोरी गए डेटोनेटर की बरामदगी पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है।

















