पन्ना, अमित सिंह राठौर । संकुल एवं जन शिक्षा केंद्र बृजपुर स्थित शासकीय कन्या माध्यमिक शाला में एक शिक्षिका के कथित अभद्र व्यवहार और मारपीट से बच्चों में इस कदर दहशत है कि वे कक्षाओं के बजाय स्कूल के बाहर लगे बिजली के ट्रांसफार्मर के नीचे बैठकर पढ़ने को मजबूर हैं। इस गंभीर लापरवाही ने बच्चों की सुरक्षा और शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, विद्यालय में पदस्थ शिक्षिका रजनी सोनी पर पिछले एक महीने से छात्र-छात्राओं और साथी शिक्षकों के साथ गाली-गलौज व अभद्र भाषा का उपयोग करने के आरोप लग रहे हैं। इस घटना से जुड़े कुछ वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। पीड़ित बच्चों का कहना है कि शिक्षिका की पिटाई और रोज-रोज के विवाद से बचने के लिए वे कमरे के अंदर नहीं बैठते। बाहर खुले में बैठने से उन्हें यह सहूलियत रहती है कि विवाद बढ़ने पर वे तुरंत वहां से भाग सकें।
हैरानी की बात यह है कि स्कूल के मुख्य द्वार के पास जिस स्थान पर बच्चे और अन्य शिक्षक बैठकर पढ़ाई कर रहे हैं, ठीक उसके ऊपर बिजली का ट्रांसफार्मर लगा हुआ है। यहां हर समय किसी बड़े हादसे का खतरा मंडरा रहा है।
मामला संज्ञान में आने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने विभागीय टीम को मौके पर भेजकर बच्चों को वापस कक्षाओं के भीतर बैठवाया और कार्रवाई का आश्वासन दिया है। अधिकारी के मुताबिक, पूरे मामले की रिपोर्ट उच्च स्तर पर भेज दी गई है। दूसरी ओर, बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित अभिभावकों और स्थानीय नागरिकों ने जिला कलेक्टर से सीधे हस्तक्षेप कर निष्पक्ष जांच और दोषी शिक्षिका पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

















