पन्ना, अमित सिंह राठौर । बृजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बड़गड़ी हजारा में मंगलवार को घरेलू विवाद के चलते सनसनीखेज घटना सामने आई। यहां एक पति ने अपनी पत्नी पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया और उसे मृत समझकर जंगल में जाकर फांसी लगा ली। गंभीर रूप से घायल महिला का जिला अस्पताल पन्ना में उपचार जारी है।

जानकारी के अनुसार, तीन बेटियों की मां सुनीता आदिवासी मंगलवार को खेत में धान काटने के लिए जा रही थी। इसी दौरान पति सचिन आदिवासी वहां पहुंचा और दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। विवाद बढ़ने पर सचिन ने आक्रोश में आकर सुनीता की गर्दन के पिछले हिस्से पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया।

हमले के बाद सुनीता लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ी। पत्नी को मरा मानकर सचिन कुल्हाड़ी लेकर जंगल की ओर भाग गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल सुनीता को तुरंत जिला अस्पताल पन्ना ले गए, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है।

सूचना मिलने पर बृजपुर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी की तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान जंगल में एक पेड़ पर सचिन का शव फांसी के फंदे से लटका मिला। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है।