मुरैना, देवेन्द्र सिंह राजपूत। कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित बांदिल नर्सिंग होम में पैर के फ्रैक्चर के ऑपरेशन के बाद 27 वर्षीय युवक राहुल पुत्र रहित जाटव की इलाज के दौरान मौत हो गई। युवक की मौत से गुस्साए परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया और तोड़फोड़ कर दी। परिजनों ने डॉक्टर पर इलाज में लापरवाही बरतने और ओवरडोज दिए जाने का आरोप लगाया है। हालांकि, इन आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।


जानकारी के अनुसार सहारना निवासी राहुल को पैर में फ्रैक्चर होने के बाद करीब चार दिन पहले बांदिल नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था। परिजनों के मुताबिक, बीते रोज नर्सिंग होम संचालक एवं हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. संजीव बांदिल ने राहुल के पैर का ऑपरेशन किया था। ऑपरेशन के बाद राहुल को होश नहीं आया। परिजनों का आरोप है कि उन्होंने डॉक्टर से कई बार मरीज की स्थिति जानने और उसे देखने की गुहार लगाई, लेकिन उन्हें संतोषजनक जानकारी नहीं दी गई।


मंगलवार सुबह करीब 11 बजे इलाज के दौरान राहुल की मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही परिजन आक्रोशित हो गए और अस्पताल में हंगामा करते हुए तोड़फोड़ शुरू कर दी। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाइश देकर स्थिति को शांत कराया। पूर्व विधायक रघुराज सिंह कंसाना के भी मौके पर पहुंचने की जानकारी सामने आई है।


परिजनों ने आरोप लगाया कि इलाज के दौरान चिकित्सकीय लापरवाही हुई और दवा की अधिक मात्रा दिए जाने के कारण राहुल की जान गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। युवक की मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।


गौरतलब है कि पिछले 15 दिनों में मुरैना के अलग-अलग पांच निजी अस्पतालों में पांच मरीजों की मौत के मामले सामने आने की बात कही जा रही है। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं के बाद निजी अस्पतालों में इलाज की व्यवस्थाओं और चिकित्सकीय लापरवाही को लेकर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, प्रत्येक मामले में मौत की वास्तविक वजह जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।