मुरैना, देवेन्द्र सिंह राजपूत। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत मुरैना पुलिस ने गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने पिछले चार महीनों में 401 गुम मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इन मोबाइल की अनुमानित कीमत 95 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।


मोबाइल फोन की तलाश के लिए साइबर सेल और विभिन्न थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने CEIR पोर्टल के साथ स्थानीय सूचना तंत्र का भी सहारा लिया। तकनीकी जांच और लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने मुरैना के अलावा ग्वालियर, धौलपुर, आगरा, गुना और शिवपुरी सहित अन्य स्थानों से भी गुम मोबाइल बरामद किए।


बरामद मोबाइल फोन में Apple, Samsung, OnePlus, Motorola, Vivo, Oppo, Redmi और Realme जैसी प्रमुख कंपनियों के फोन शामिल हैं। पुलिस ने सभी मोबाइलों का सत्यापन करने के बाद उन्हें उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिया।


लंबे समय बाद अपना खोया हुआ मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरे पर खुशी नजर आई। मोबाइल मालिकों ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना करते हुए आभार जताया। पुलिस की यह कार्रवाई तकनीक और पुलिस की तत्परता के बेहतर तालमेल की मिसाल बनकर सामने आई है।