52वें खजुराहो नृत्योत्सव: मंत्री के भाषण के दौरान विदेशी पर्यटकों ने की जोरदार हूटिंग

Advertisement
छतरपुर,सुबोध त्रिपाठी। विश्व प्रसिद्ध खजुराहो नृत्य महोत्सव के 52वें संस्करण की शुरुआत में ही देरी और व्यवस्था की खामी के कारण पर्यटकों में भारी रोष देखने को मिला। कार्यक्रम निर्धारित समय से करीब दो घंटे लेट शुरू होने के बाद दर्शकों का सब्र जवाब दे गया। मंच पर भाषण दे रहे संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी के बीच में ही विदेशी पर्यटकों ने जोरदार हूटिंग की। कुछ पर्यटकों ने असंतोष जताते हुए नारेबाजी भी की, जिसके बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया।
इस घटना के बाद आयोजकों ने सतर्कता बरतते हुए किसी भी अन्य अतिथि को आगे उद्बोधन देने से रोक दिया। कार्यक्रम में मौजूद पर्यटकों का कहना था कि लंबी प्रतीक्षा और राजनैतिक औपचारिकताओं के कारण उनका उत्साह ठंडा पड़ गया। खासकर विदेशी पर्यटकों ने इस देरी को लेकर नाराजगी जताई, क्योंकि वे खजुराहो की शास्त्रीय नृत्य प्रस्तुतियों का इंतजार कर रहे थे। 52वां खजुराहो नृत्य महोत्सव 20 फरवरी से शुरू हुआ है, जो यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल खजुराहो मंदिरों की पृष्ठभूमि में आयोजित हो रहा है। यह सात दिवसीय उत्सव शास्त्रीय नृत्य की विभिन्न शैलियों को समर्पित है, लेकिन उद्घाटन सत्र की इस घटना ने आयोजन की छवि पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
