बीना, बृजपाल सिंह राजपूत। बीना रेलवे स्टेशन से आठ माह की मासूम बच्ची के अपहरण मामले में जीआरपी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने घटना के महज 48 घंटे के भीतर बच्ची को सकुशल बरामद कर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया। मासूम को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।


जानकारी के अनुसार फरियादी सकीना नाथ, पत्नी राजू नाथ, निवासी सुखीसेवनिया, अपनी आठ माह की बच्ची के साथ बीना रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर सो रही थीं। सुबह नींद खुलने पर उनकी बच्ची गायब मिली। पीड़िता की शिकायत पर जीआरपी थाना बीना में अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।


मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें एक महिला बच्ची को अपने साथ ले जाते हुए दिखाई दी। पुलिस अधीक्षक भोपाल अंकित जायसवाल के निर्देशन तथा जीआरपी थाना प्रभारी वीर बहादुर सिंह परिहार के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया गया। लगातार की गई जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी महिला को इटारसी रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया तथा उसके कब्जे से मासूम बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया।


पूछताछ के बाद पुलिस ने आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए बच्ची को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। इस कार्रवाई में उप निरीक्षक दीपक राठौर, एएसआई मूलचंद, आरक्षक जसवंत सिंह, जितेन सिंह, सतपाल, जीआरपी थाना इटारसी के आरक्षक अमित कुमार तथा आरपीएफ बीना के निरीक्षक कमल सिंह मीणा, उप निरीक्षक धर्मेंद्र राजपूत, प्रधान आरक्षक सतबीर एवं आरपीएफ पोस्ट नर्मदापुरम के उप निरीक्षक अवदेश की महत्वपूर्ण भूमिका रही।