बमीठा, अशोक नामदेव। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग 39 (पन्ना-छतरपुर-खजुराहो) पर बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बमीठा थाना क्षेत्र के अंतर्गत चौकी चंद्रनगर (चंद्रनगर) के पास बराटेक इलाके में एक चलती चार पहिया वाहन में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घटना में पंजीयन संख्या MP 40 CS 8020 वाली इंडिको कार पन्ना से खजुराहो रेलवे स्टेशन की ओर जा रही थी। अचानक कार के बोनट से चिंगारियां उठीं और देखते ही देखते पूरी गाड़ी धू-धू कर जलने लगी। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में वाहन पूरी तरह जलकर राख हो गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग लगने का मुख्य कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। सौभाग्य से कार में सवार सभी लोग समय रहते कूदकर बाहर निकल आए और उनकी जान बच गई। किसी तरह की जनहानि नहीं हुई, हालांकि वाहन पूरी तरह तबाह हो गया।
स्थानीय लोगों ने तुरंत कार के शीशे तोड़कर सवारों को सुरक्षित बाहर निकाला। घटना के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित रहा। फायर ब्रिगेड की टीम देर से पहुंची, जिसके कारण आग पर काबू पाने में समय लगा।

