बड़ामलहरा, संजय अवस्थी। क्षेत्र के महाराजगंज गांव में रविवार शाम तेज बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से एक किशोरी की मौत हो गई, जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना से गांव में शोक का माहौल है।


जानकारी के अनुसार आरती अहिरवार (13) पिता प्रेम अहिरवार एवं रोशनी अहिरवार (18) पिता लल्लू अहिरवार निवासी महाराजगंज, रविवार शाम खेत पर काम के दौरान बारिश से बचने के लिए आम के पेड़ के नीचे खड़ी हो गई थीं। इसी दौरान अचानक आकाशीय बिजली पेड़ पर गिर गई, जिसकी चपेट में दोनों बच्चियां आ गईं। हादसे में आरती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रोशनी गंभीर रूप से घायल हो गई। बताया गया है कि बिजली गिरने के कारण रोशनी के दोनों कंधों से हाथ मुड़ गए और उसे गंभीर चोटें आईं। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों को तत्काल बड़ामलहरा अस्पताल लेकर गए। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद आरती को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल रोशनी की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल की इमरजेंसी में डॉ. अभय सिंह ने प्राथमिक उपचार के बाद रोशनी को ट्रॉमा वार्ड में भर्ती कराया है, जहां उसका इलाज जारी है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन एवं पुलिस ने मामले की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।