छतरपुर, संतोष शिवहरे। गुलगंज थाना क्षेत्र के ग्राम कायन में एक बुजुर्ग और उनके परिवार के साथ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि शराब के नशे में आरोपी ने घर के सामने विवाद करते हुए उनके साथ अभद्रता और मारपीट की। सूचना पर पहुंची डायल-100 पुलिस के सामने भी आरोपी कथित रूप से गाली-गलौज करता रहा। स्थानीय थाना पुलिस से शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं होने पर पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर न्याय और सुरक्षा की गुहार लगाई है।

112 पर कॉल करने पर मोबाइल छीनने का प्रयास

ग्राम कायन निवासी 61 वर्षीय मोहन राजपूत ने बताया कि वे मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उनके अनुसार 28 सितंबर को पड़ोस में रहने वाला अजय प्रताप महदेले शराब के नशे में उनके घर के सामने आया और बिना किसी कारण गाली-गलौज करने लगा। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने 18 वर्षीय सौरभ प्रताप सिंह लोधी सहित परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने पुलिस को सूचना देने के लिए 112 नंबर पर कॉल करने का प्रयास किया, तो आरोपी द्वारा मोबाइल छीनने का प्रयास किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।

पुलिस के सामने भी जारी रही अभद्रता

घटना की सूचना मिलने के बाद डायल-100 पुलिस मौके पर पहुंची। पीड़ित परिवार का आरोप है कि पुलिस की मौजूदगी में भी आरोपी शांत नहीं हुआ और लगातार गाली-गलौज एवं अभद्रता करता रहा। पीड़ित पक्ष का कहना है कि घटना के बाद उन्होंने गुलगंज थाना प्रभारी को लिखित शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की मांग की थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

कार्रवाई नहीं होने से परिवार में भय

पीड़ित परिवार का कहना है कि आरोपी के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने से उसके हौसले बढ़ रहे हैं और परिवार के सदस्य भय के माहौल में रहने को मजबूर हैं। अपनी और परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंतित मोहन राजपूत ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर आवेदन दिया है। उन्होंने आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने तथा परिवार को तत्काल सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। अब पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस प्रशासन की कार्रवाई का इंतजार है।