छतरपुर/चंदला, जीतेन्द्र तिवारी। बछौन से चंद्रपुरा तक बन रही सीसी सड़क के निर्माण में बरती जा रही घोर अनियमितताओं और घटिया गुणवत्ता से नाराज होकर वरिष्ठ पत्रकार एवं समाजसेवी अशोक शुक्ला ने अनोखा प्रदर्शन किया। बीती रात उन्होंने ढले हुए गीले कंक्रीट पर ही लेट गए और साफ चेतावनी दी कि जब तक नियमों के मुताबिक चौड़ाई और गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा जाएगा, उनका यह प्रदर्शन जारी रहेगा।


अशोक शुक्ला ने मौके पर कहा, “‘मुझे भी इसी कंक्रीट में चुनवा दो’… अगर गुणवत्ताविहीन सड़क ही बनानी है, तो मेरे ऊपर ही कंक्रीट डाल दो। जब तक मानक के अनुसार सही सड़क नहीं बनेगी, हम पीछे नहीं हटेंगे।”


उन्होंने सड़क निर्माण का कड़ा विरोध जताते हुए कहा कि घटिया निर्माण से जनधन की बर्बादी हो रही है और भविष्य में सड़क जल्द ही खराब हो जाएगी। प्रदर्शन के दौरान स्थानीय निवासियों ने भी जमकर आक्रोश जताया। लोगों ने आरोप लगाया कि बिना मजबूत बेस तैयार किए और निर्धारित चौड़ाई से कम में सड़क बनाई जा रही है, जिससे निर्माण पूरी तरह नियमों के विपरीत है।


इस अनोखे प्रदर्शन ने पूरे इलाके में चर्चा पैदा कर दी है। अशोक शुक्ला का कहना है कि वे तब तक पीछे नहीं हटेंगे जब तक निर्माण एजेंसी और संबंधित विभाग गुणवत्ता और मानकों का पूरा ध्यान नहीं रखेंगे। स्थानीय लोगों ने भी उनके इस कदम का समर्थन किया है और मांग की है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए तथा सड़क को नियमों के अनुरूप दोबारा बनवाया जाए।