धार/गंधवानी, भानु प्रकाश शर्मा। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद विकासखंड गंधवानी के अंतर्गत मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम (CMCLDP) की कक्षाओं के दौरान रविवार, 4 अक्टूबर 2026 को ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान के तहत साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं उपस्थित लोगों को साइबर अपराधों से बचाव, सतर्कता और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार की जानकारी दी गई।
थाना प्रभारी प्रदीप खन्ना ने व्हाट्सऐप, वीडियो कॉल, ओटीपी सहित साइबर ठगी के विभिन्न तरीकों के बारे में जानकारी देते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि साइबर अपराधों से बचने के लिए स्वयं जागरूक होने के साथ-साथ आसपास के लोगों को भी जागरूक करना जरूरी है।
जिला समन्वयक सौरभ शुक्ला ने CMCLDP विद्यार्थियों से संवाद करते हुए साइबर सुरक्षा की जानकारी समाज के अन्य लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया। सामाजिक कार्यकर्ता नवनीत जैन, धार ने ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान एवं CMCLDP के उद्देश्यों तथा सामाजिक सहभागिता के महत्व पर प्रकाश डाला।
नवांकुर संस्था अध्यक्ष राकेश मोटसरा ने विद्यार्थियों से सेवा संकल्प अभियान में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की। इस दौरान ऋषभ पाटनी, सामाजिक कार्यकर्ता दिनेश सिंघार और विकासखंड समन्वयक दयाराम मुवेल ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम में प्रियांशी मालवीया, संतोष सावरा, भारत डोडवे, पियू गुप्ता, हरिओम मालवीया, राजेश गहलोत, करणसिंह सोलंकी, रामकुंवर रावत सहित CMCLDP के छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
सिद्धेश्वर धाम परिसर में रोपे पौधे, संरक्षण का लिया संकल्प
‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान के अंतर्गत ग्राम वासली स्थित सिद्धेश्वर धाम मंदिर परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। उपस्थित लोगों ने पौधे रोपने के साथ उनके संरक्षण एवं नियमित देखभाल का संकल्प लिया। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छ वातावरण और अधिक से अधिक पौधारोपण की आवश्यकता पर चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि पौधारोपण को केवल एक आयोजन तक सीमित न रखते हुए पौधों के संरक्षण और संवर्धन की जिम्मेदारी भी निभानी होगी।











