सागर, स्वाति सोलंकी। गोपालगंज थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया के जरिए कथित तौर पर पहचान छिपाकर युवतियों से संपर्क करने के मामले में पुलिस ने एक शादीशुदा युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। हिंदू संगठनों की शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की है। शिकायत में दयानंद वार्ड, शुक्रवारी टोरी निवासी अरबाज अली पर अलग पहचान बताकर कई युवतियों से सोशल मीडिया के माध्यम से संपर्क करने के आरोप लगाए गए हैं।
मामले से जुड़ी कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने के साथ कथित फर्जी दस्तावेज सामने आने की बात भी कही गई है। पुलिस के अनुसार, एक कॉलिंग ऐप पर युवक के मोबाइल नंबर के साथ ‘आदित्य ठाकुर’ नाम प्रदर्शित होने की जानकारी भी जांच में सामने आई है। पुलिस युवक के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल, सोशल मीडिया अकाउंट और संपर्कों की जांच कर रही है। हालांकि, अभी तक किसी युवती की ओर से युवक के खिलाफ स्पष्ट शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक फिलहाल प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है और जांच में नए तथ्य या शिकायत सामने आने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




