छतरपुर, शिवम सोनी। हिस्से की मांग को लेकर एक वृद्ध महिला ने अपने ही बेटे पर मानसिक प्रताड़ना, धमकी और अभद्र व्यवहार करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। मंगलवार को महिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची और बेटे सहित उसके एक साथी के खिलाफ शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की मांग की।
शिकायत में महिला ने बताया कि उसका छोटा बेटा लंबे समय से संपत्ति में हिस्से की मांग को लेकर उसे परेशान कर रहा है। आरोप है कि 15 जून को वह अपने एक साथी और अन्य लोगों के साथ सागर रोड स्थित उसके मकान पर पहुंचा और वहां रह रहे किरायेदारों को मकान खाली करने की धमकी दी। घटना की जानकारी मिलने पर जब महिला मौके पर पहुंची तो उसके साथ भी गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किया गया।
महिला का कहना है कि आरोपी पुत्र उस पर तीन करोड़ रुपये और मकान अपने नाम कराने का दबाव बना रहा है। मांग पूरी नहीं होने पर वह बड़े बेटे को झूठे मुकदमे में फंसाने तथा जान से मारने की धमकी दे रहा है। महिला ने बताया कि उसके पति की संपत्ति का बंटवारा पहले ही हो चुका है और दोनों बेटों को उनका हिस्सा दिया जा चुका है।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी पुत्र के खिलाफ पूर्व में भी कई शिकायतें की जा चुकी हैं। महिला ने पुलिस अधीक्षक से बेटे और उसके साथी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करने तथा बड़े बेटे के खिलाफ की जाने वाली कथित झूठी शिकायतों पर बिना जांच कोई कार्रवाई न किए जाने की मांग की है।

