लखनऊ। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय शनिवार को गाजीपुर पहुंचे और हत्या का शिकार हुए होटल व्यवसायी के पुत्र विनीत राय के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की। गाजीपुर के अष्टभुजी कॉलोनी स्थित आवास पर शोक संतप्त परिवार से मिलने के बाद अजय राय ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि एक ओर मुख्यमंत्री जीरो टॉलरेंस का दावा करते हैं। वहीं दूसरी ओर गाजियाबाद से गाजीपुर तक हत्या की घटनाओं से प्रदेश दहल उठा है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि विनीत राय की हत्या केवल एक आपराधिक घटना नहीं, बल्कि प्रशासनिक लापरवाही का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विनीत राय के परिजनों ने बताया कि पूर्व में भी उनके होटल पर हमला, मारपीट और तोड़फोड़ की घटनाएं हुई थीं लेकिन समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। यदि प्रशासन ने पहले सख्त कदम उठाए होते और सुरक्षा उपलब्ध कराई होती तो संभवतः यह घटना टाली जा सकती थी।
अजय राय ने कहा कि वाराणसी, जौनपुर, लखनऊ, गाजियाबाद और गाजीपुर सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों में लगातार हो रही हत्याएं सरकार के दावों की पोल खोल रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए एनकाउंटर की राजनीति कर रही है, जबकि इससे पीड़ित परिवारों को न्याय नहीं मिल सकता।
उन्होंने कहा किअपराधियों में कानून का कोई भय नहीं रह गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई मामलों में अपराधियों के खिलाफ समय पर और प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से अपराध बढ़ रहे हैं। कांग्रेस नेता ने नोनहरा थाना प्रकरण का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ता सियाराम उपाध्याय की मौत के मामले में भी अब तक जिम्मेदार पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि थानों के भीतर तक हिंसा और मौत की घटनाएं सामने आ रही हैं, जो कानून-व्यवस्था की गंभीर स्थिति को दर्शाती हैं।
अजय राय ने राज्य सरकार से विनीत राय हत्याकांड के दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने और पीड़ित परिवार की सभी न्यायोचित मांगों को पूरा करने की मांग की। गाजीपुर दौरे के बाद अजय राय वाराणसी पहुंचे, जहां उन्होंने पिंडरा विधानसभा क्षेत्र के सिंधोरा में फिरोज की हत्या के मामले में उनके परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की।
उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में पूरा कांग्रेस परिवार पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है और न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास करेगा।













