लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने गुरुवार को संविधान दिवस के अवसर पर युवाओं से अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का इस्तेमाल शालीनता और मर्यादा के साथ करने की अपील की। उन्होंने कहा कि संविधान प्रत्येक नागरिक को अपने विचार व्यक्त करने का अधिकार देता है, लेकिन अपनी बात रखते समय भाषा सम्मानजनक और संवाद की शैली मर्यादित होनी चाहिए। युवाओं को अपने मौलिक अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के साथ मौलिक कर्तव्यों के निर्वहन को भी प्राथमिकता देनी चाहिए। राज्यपाल ने जन भवन के गांधी सभागार में आयोजित संविधान दिवस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि संविधान दिवस केवल संविधान को याद करने का अवसर नहीं है, बल्कि इसके मूल्यों और आदर्शों को अपने जीवन और कार्यशैली में आत्मसात करने का दिन है। अधिकार और कर्तव्य एक-दूसरे के पूरक हैं। दोनों के बीच संतुलन ही एक सशक्त समाज और मजबूत लोकतांत्रिक व्यवस्था का आधार है। इस अवसर पर जन भवन के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया।
कार्यक्रम में राज्यपाल ने कहा कि जन भवन में सभी कार्य संविधान की भावना के अनुरूप किए जाते हैं। यहां स्थापित आदर्श माध्यमिक विद्यालय में वंचित परिवारों के बच्चों को शिक्षा उपलब्ध कराना समानता के अधिकार और सामाजिक समरसता की भावना का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें शिक्षा, स्वास्थ्य तथा पोषण के क्षेत्र में विभिन्न योजनाओं के माध्यम से वंचित और जरूरतमंद वर्गों को समान अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास कर रही हैं। इन प्रयासों का उद्देश्य सामाजिक असमानता को कम करना और विकास का लाभ समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाना है। राज्यपाल ने अधिकारियों से बच्चों को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के सही इस्तेमाल और मर्यादित संवाद के महत्व के प्रति जागरूक करने को कहा।
उन्होंने कहा कि देश में अनेक लोग बिना किसी आर्थिक अपेक्षा के समाज और राष्ट्र की सेवा में योगदान दे रहे हैं। प्रत्येक व्यक्ति को अपने कार्यों के माध्यम से देश और समाज के प्रति जिम्मेदारी निभानी चाहिए। इसके लिए अधिकारियों को अपनी कार्यशैली में निरंतर सुधार और सकारात्मक बदलाव लाने की जरूरत है। शिक्षा व्यवस्था पर जोर देते हुए राज्यपाल ने कहा कि गरीब और जरूरतमंद परिवारों के बच्चों को बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास होने चाहिए। उच्च शिक्षण संस्थानों में शैक्षणिक सत्र नियमित रखने की आवश्यकता है। प्रत्येक सत्र में 90 दिन की कक्षाएं अनिवार्य रूप से संचालित होनी चाहिए। इसके लिए जून माह में ही प्रवेश प्रक्रिया पूरी कर ली जानी चाहिए, ताकि निर्धारित पाठ्यक्रम समय से पूरा हो सके।
उन्होंने कहा कि 90 दिन की पढ़ाई प्रत्येक विद्यार्थी का अधिकार है और शिक्षण संस्थानों को इसे गंभीरता से लेना चाहिए। राज्यपाल ने बताया कि जन भवन में भारतीय संविधान की मूल प्रति सुरक्षित रखी गई है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को संविधान को देखने और पढ़ने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि वे अपने बच्चों को भी संविधान की मूल प्रति दिखाएं और उन्हें इसके मूल्यों, अधिकारों तथा कर्तव्यों की जानकारी दें। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश न्यायिक प्रशिक्षण एवं अनुसंधान संस्थान की निदेशक रेखा अग्निहोत्री ने मौलिक अधिकारों पर व्याख्यान देते हुए कहा कि मौलिक अधिकार भारतीय लोकतंत्र की आधारशिला हैं। ये प्रत्येक नागरिक के सम्मान, स्वतंत्रता और समान अवसरों की रक्षा सुनिश्चित करते हैं।
उन्होंने समानता, स्वतंत्रता, शोषण के विरुद्ध अधिकार, धार्मिक स्वतंत्रता, संस्कृति एवं शिक्षा संबंधी अधिकार और संवैधानिक उपचारों के अधिकार के महत्व को रेखांकित किया। वहीं, संस्थान के उप निदेशक अंकुर गर्ग ने मौलिक कर्तव्यों पर अपने विचार रखते हुए कहा कि संविधान में उल्लिखित कर्तव्य प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र और समाज के प्रति उसके दायित्वों का बोध कराते हैं। संविधान, राष्ट्रीय ध्वज और राष्ट्रगान का सम्मान करना, देश की एकता एवं अखंडता की रक्षा करना, सामाजिक सद्भाव और भाईचारे को बढ़ावा देना, पर्यावरण तथा सार्वजनिक संपत्ति का संरक्षण करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
दोनों वक्ताओं ने अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के अधिकार पर भी प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक को अपने विचार और भावनाएं स्वतंत्र रूप से व्यक्त करने का अधिकार है, लेकिन इस अधिकार का इस्तेमाल करते समय देश की एकता, अखंडता, संप्रभुता और सम्मान का ध्यान रखना जरूरी है। अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के साथ जिम्मेदारी और मर्यादा का पालन भी उतना ही महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने दोनों वक्ताओं से संविधान के विभिन्न प्रावधानों और अधिकारों से जुड़े सवाल पूछे। वक्ताओं ने विस्तार से जवाब देकर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों में संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जिम्मेदारी की भावना मजबूत करना रहा।














