पन्ना/गुनौर, जीतेन्द्र रजक। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले अंतर्गत देवेंद्रनगर क्षेत्र के लिए शनिवार का दिन ऐतिहासिक सौगात लेकर आया। नागौद से देवेंद्रनगर तक रेल लाइन का विस्तार होने के साथ ही क्षेत्रवासियों का दशकों पुराना सपना धरातल पर साकार हो गया। केंद्रीय रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वर्चुअली हरी झंडी दिखाकर नई मेमू ट्रेन को रवाना किया। इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बने खजुराहो सांसद विष्णु दत्त शर्मा और गुनौर विधायक डॉ. राजेश वर्मा, जिन्होंने स्वयं टिकट लेकर आम यात्रियों के साथ ट्रेन में सफर किया और स्थानीय नागरिकों के साथ इस उपलब्धि का उत्सव मनाया।

देवेंद्रनगर तक रेल सेवा के विस्तार को ललितपुर-सिंगरौली महत्वपूर्ण रेल परियोजना की दिशा में एक बड़ा मील का पत्थर माना जा रहा है। इस नई रेल लाइन के शुरू होने से पन्ना, सतना और रीवा जिलों के बीच सीधा और सुगम रेल संपर्क स्थापित हो गया है। इससे देवेंद्रनगर सहित दर्जनों ग्रामीण अंचलों के छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा, व्यापारियों को बड़े बाजारों तक पहुंच और आम नागरिकों व मरीजों को आवागमन में सीधी राहत मिलेगी। सड़क मार्ग की तुलना में कम खर्च और सुरक्षित यात्रा की सुविधा मिलने से पूरे अंचल के आर्थिक व सामाजिक विकास को नई गति मिलेगी।


8 कोच की मेमू ट्रेन, 26 अक्टूबर से शुरू होगा नियमित संचालन

रेलवे द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, इस रूट पर आठ कोच वाली आधुनिक मेमू (MEMU) ट्रेन का संचालन किया जाएगा। यह ट्रेन सप्ताह में छह दिन पटरियों पर दौड़ेगी, जबकि रविवार को इसका संचालन नहीं होगा। शनिवार को उद्घाटन फेरे के बाद आगामी 26 अक्टूबर से इस ट्रेन की नियमित समय-सारिणी के तहत आम यात्रियों के लिए सेवा विधिवत शुरू कर दी जाएगी। रेलवे प्रशासन का कहना है कि यात्रियों की मांग और आवाजाही के अनुसार आगामी दिनों में फेरों और स्टेशनों की समीक्षा भी की जाएगी।


सांसद और विधायक बने सहयात्री, स्टेशन पर उमड़ा जनसैलाब

ट्रेन के देवेंद्रनगर स्टेशन पहुंचते ही स्थानीय नागरिकों, युवाओं और बुजुर्गों ने पुष्पवर्षा और आतिशबाजी कर ऐतिहासिक स्वागत किया। सांसद वीडी शर्मा और विधायक डॉ. राजेश वर्मा ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार बुंदेलखंड के दूरदराज इलाकों को मुख्य रेल नेटवर्क से जोड़ने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही हैं। दोनों जनप्रतिनिधियों ने ट्रेन के भीतर यात्रियों से संवाद किया और इस सौगात के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्रालय का आभार जताया। कार्यक्रम में रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, स्थानीय प्रशासनिक अमला और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।