Thursday, February 26, 2026

LOGO

BREAKING NEWS
देशनई दिल्लीअनुराग ठाकुर ने लॉन्च किया 'युवा चेंज मेकर्स', युवा सीख पाएंगे राजनीतिक गुण

अनुराग ठाकुर ने लॉन्च किया 'युवा चेंज मेकर्स', युवा सीख पाएंगे राजनीतिक गुण

Post Media
News Logo
PeptechTime
26 फ़रवरी 2026, 11:15 am IST
Share on FacebookShare on WhatsAppShare on Twitter/XOpen Instagram
Copy Link

Advertisement

नई दिल्ली। भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के युवाओं को ऐसा मंच मिलना चाहिए, जहां वे राजनीति से जुड़ी समझ विकसित कर सकें, सेवा भावना को मजबूत करें और यह जान सकें कि नीतियां कैसे बनती हैं तथा सरकारी योजनाएं जमीन पर कैसे लागू होती हैं।


इसी उद्देश्य से एक विशेष पहल 'युवा चेंज मेकर्स' शुरू की गई है, जिसमें केवल 20 दिनों के भीतर लगभग 8,000 से 9,000 युवाओं ने पंजीकरण कराया है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह संख्या जल्द ही 15,000 के पार पहुंच जाएगी।


अनुराग ठाकुर ने कहा कि देश के युवा समाज सेवा करना चाहते हैं, राजनीति को समझना चाहते हैं और यह जानना चाहते हैं कि सरकारी योजनाएं आम लोगों तक कैसे पहुंचती हैं।


उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी एक लाख युवाओं को आगे आने का आह्वान किया था। इसी सोच के तहत इस पहल की शुरुआत हिमाचल प्रदेश से की जा रही है और भविष्य में इसे अन्य राज्यों में भी लागू करने की योजना है, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को सीखने और आगे बढ़ने का अवसर मिल सके।


उन्होंने बताया कि इस पहल के तहत जिला स्तर पर बूट कैंप आयोजित किए जाएंगे, जहां युवाओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा और उनकी क्षमताओं को समझने का अवसर मिलेगा। इसके बाद राज्य स्तर पर पांच दिन का विशेष बूट कैंप आयोजित किया जाएगा, जिससे प्रतिभागियों को व्यावहारिक अनुभव मिलेगा।


इस कार्यक्रम के अंतर्गत चयनित युवाओं को एक वर्ष की इंटर्नशिप दी जाएगी। साथ ही प्रत्येक चयनित युवा को 1 लाख 21 हजार रुपए की आर्थिक सहायता भी प्रदान की जाएगी, ताकि वे सीखने के साथ-साथ कमाई भी कर सकें और समाज में आगे बढ़ने के लिए तैयार हो सकें।


बता दें कि 'युवा चेंज मेकर्स' मुख्य रूप से एक लीडरशिप फेलोशिप कार्यक्रम है, जिसे सांसद अनुराग सिंह ठाकुर की ओर से विशेष रूप से हिमाचल प्रदेश के युवाओं के लिए लॉन्च किया गया है।


इसका उद्देश्य युवाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करना, उन्हें राजनीति और सार्वजनिक जीवन से जोड़ना और 'विकसित भारत' के निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना है।

Today In JP Cinema, Chhatarpur (M.P.)