छिंदवाड़ा, जीशान अंसारी। देहात थाना पुलिस ने खजरी शराब भट्टी के पास ATM में डकैती की साजिश रच रहे एक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है, को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के बाद पुलिस ने आरोपियों का शहर में पैदल जुलूस निकालकर अपराधियों को कड़ा संदेश दिया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने पुलिस की कार्रवाई को देखा, जिससे आमजन में सुरक्षा की भावना और अपराधियों में पुलिस का भय स्पष्ट नजर आया।


पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ बदमाश ATM में डकैती डालने की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही देहात थाना पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर कार्रवाई की। इस दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि गिरोह के दो अन्य सदस्य मौके से फरार हो गए। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।


गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से तलवार, धारदार चाकू, लोहे की रॉड और हथौड़ी सहित अन्य हथियार बरामद किए गए हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपियों के खिलाफ पहले से चोरी, मारपीट और संपत्ति संबंधी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं एवं आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में पेश किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।