छतरपुर, रोहित पाठक। बागेश्वर धाम में आयोजित नौ दिवसीय गुरु पूर्णिमा महोत्सव एवं श्रीमद्भागवत कथा का कार्यक्रम श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। देश-विदेश से पहुंचे लाखों श्रद्धालुओं ने बागेश्वर बालाजी के दर्शन कर गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर पादुका पूजन एवं गुरु पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम के सफल समापन के बाद बागेश्वर सरकार ने देशभर से सेवा देने पहुंचे 70 से अधिक सेवा मंडलों के पदाधिकारियों एवं सदस्यों से भेंट कर उनका अभिनंदन किया। उन्होंने महोत्सव के दौरान दिन-रात निस्वार्थ भाव से विभिन्न व्यवस्थाओं में जुटे सभी सेवा मंडलों के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें साधुवाद दिया।
बागेश्वर सरकार ने सभी सेवा मंडलों को आगामी कन्या विवाह महोत्सव में आयोजित होने वाले 365 कन्याओं के सामूहिक विवाह समारोह में भी सेवा देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मानव सेवा ही सबसे बड़ी साधना है और सेवा कार्यों में सभी मंडलों की सक्रिय भागीदारी सराहनीय रही।
इस अवसर पर सेवा मंडलों के प्रभारियों एवं सदस्यों ने भी महोत्सव के दौरान मिले सेवा अवसर को सौभाग्य बताते हुए भविष्य में भी धाम के सामाजिक एवं धार्मिक आयोजनों में पूर्ण समर्पण के साथ सेवा देने का संकल्प व्यक्त किया। सभी मंडलों ने अलग-अलग जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए महोत्सव को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।




