छतरपुर, रोहित पाठक। केन्या की राजधानी नैरोबी में आयोजित होने जा रहे भव्य 'ऊर्जा संचय शिविर' में सहभागिता करने से पूर्व बागेश्वर महाराज ने बागेश्वर धाम में उपस्थित हजारों श्रद्धालुओं को अपना पावन आशीर्वाद प्रदान किया। शनिवार को विदेश यात्रा पर प्रस्थान करने से पहले धाम परिसर में देश-विदेश और दूर-दराज के अंचलों से पहुंचे धर्मप्रेमियों का भारी जनसैलाब उमड़ा। भक्तों ने बालाजी सरकार के दर्शन-पूजन के साथ बागेश्वर महाराज के दर्शन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
केन्या प्रवास पर रवाना होने से पहले बागेश्वर महाराज ने सभी सनातन धर्मावलंबियों और श्रद्धालुओं को एक विशेष संदेश दिया। उन्होंने कहा कि सनातन प्रेमी दुनिया के किसी भी कोने में रहें, लेकिन अपनी मूल संस्कृति, सनातन धर्म और समृद्ध परंपराओं के संरक्षण व संवर्धन के लिए निरंतर कार्य करते रहें। बागेश्वर महाराज ने आह्वान किया कि सनातन की सेवा और उसके प्रचार-प्रसार का दायित्व प्रत्येक सनातनी को अपनी प्राथमिक जिम्मेदारी समझकर पूरी निष्ठा के साथ निभाना चाहिए।
उल्लेखनीय है कि केन्या की राजधानी नैरोबी में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 'ऊर्जा संचय शिविर' का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें बागेश्वर महाराज के सानिध्य में धर्म, अध्यात्म और भारतीय संस्कृति से जुड़े विभिन्न विशेष कार्यक्रम संपन्न होंगे। बागेश्वर महाराज की इस विदेश यात्रा को लेकर अफ्रीका सहित विदेशों में निवासरत प्रवासी भारतीयों और सनातन धर्म के अनुयायियों में भारी उत्साह और उत्सुकता का माहौल है। शनिवार को धाम परिसर में उमड़ी श्रद्धालुओं की अपार भीड़ ने एक बार फिर बालाजी सरकार और बागेश्वर धाम के प्रति जनमानस की अटूट आस्था को प्रदर्शित किया।














