नागौद (सतना), सजल कुमार रजक। मध्य प्रदेश की रिक्त राज्यसभा सीट के लिए भारतीय जनता पार्टी द्वारा केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी को अधिकृत प्रत्याशी बनाए जाने के फैसले के बाद सियासी घमासान तेज हो गया है। नागौद में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतरकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी का पुतला दहन कर भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने जेफरी एपस्टीन से जुड़े अंतरराष्ट्रीय विवाद का हवाला देते हुए हरदीप सिंह पुरी की उम्मीदवारी पर कड़े सवाल खड़े किए। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि ऐसे गंभीर विवादों के साए के बीच उन्हें मध्य प्रदेश से उच्च सदन का प्रत्याशी बनाया जाना सर्वथा अनुचित है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा नेतृत्व के इस निर्णय के प्रति तीव्र आक्रोश व्यक्त करते हुए अपनी आपत्ति दर्ज कराई। इस विरोध प्रदर्शन के दौरान ब्लॉक कांग्रेस के प्रमुख पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।