राजनगर। विकासखंड राजनगर के अंतर्गत बराखेरा से सूरजपुरा जाने वाला संपर्क मार्ग इन दिनों ग्रामीणों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गया है। सड़क की हालत बेहद खराब हो चुकी है और मार्ग पर बनी पुलिया भी क्षतिग्रस्त हो गई है, जिससे आवागमन जोखिम भरा हो गया है। स्थिति ऐसी है कि दोपहिया और चारपहिया वाहनों के साथ-साथ पैदल चलने वालों को भी भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।


ग्रामीणों के अनुसार यह सड़क कई गांवों को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है, जिसका उपयोग किसान कृषि कार्यों के लिए खाद, बीज, कृषि यंत्र एवं फसल परिवहन में करते हैं। लेकिन सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों और टूटी पुलिया के कारण किसानों सहित आम लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। बरसात के मौसम में यह समस्या और गंभीर हो जाती है तथा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।


ग्रामीणों ने बताया कि बराखेरा से सूरजपुरा के बीच रेलवे लाइन निर्माण का कार्य चल रहा है। रेलवे निर्माण के लिए किसानों के खेतों से मिट्टी निकालकर भारी डम्पर वाहनों के माध्यम से इसी मार्ग से परिवहन किया जा रहा है। लगातार भारी वाहनों की आवाजाही के कारण सड़क तेजी से क्षतिग्रस्त हुई है। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क और पुलिया की वर्तमान स्थिति में डम्परों का अत्यधिक दबाव भी एक प्रमुख कारण है।


स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिया का टूटा हिस्सा किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकता है। कई वाहन चालक दुर्घटना का शिकार होने से बाल-बाल बच चुके हैं। महिलाओं, बुजुर्गों और स्कूली बच्चों को भी प्रतिदिन इस मार्ग से गुजरने में परेशानी उठानी पड़ रही है।


ग्रामीणों ने बताया कि समस्या को लेकर कई बार प्रशासन और संबंधित विभाग को शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इससे क्षेत्रवासियों में नाराजगी बढ़ रही है। ग्रामीणों ने मांग की है कि जर्जर सड़क की तत्काल मरम्मत कराई जाए, क्षतिग्रस्त पुलिया का पुनर्निर्माण कराया जाए तथा बरसात से पहले आवश्यक सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं।


अब क्षेत्र में बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि क्या प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है, या फिर समय रहते सड़क और पुलिया की सुध ली जाएगी। क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों से शीघ्र निरीक्षण कर आवश्यक निर्माण एवं मरम्मत कार्य शुरू कराने की मांग की है, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके और संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके।