नई दिल्ली। न्यूजीलैंड के विकेटकीपर और विस्फोटक सलामी बल्लेबाज टिम सीफर्ट ने बिग बैश लीग के अगले सीजन के लिए सिडनी सिक्सर्स के साथ एक साल का करार किया है। सीफर्ट मेलबर्न रेनेगेड्स से अलग होकर सिडनी सिक्सर्स से जुड़े हैं।
सीफर्ट, सिडनी सिक्सर्स में स्टीव स्मिथ की जगह लेंगे और टीम की ओपनिंग बल्लेबाजी को मजबूती देंगे। स्मिथ अंतरराष्ट्रीय शेड्यूल की वजह से बीबीएल 16 में नहीं खेल पाएंगे।
कीवी खिलाड़ी के सिक्सर्स में शामिल होने से पाकिस्तान के बाबर आजम की मुश्किलें बढ़ गई हैं। आजम पिछले सीजन टीम से जुड़े थे और स्मिथ के साथ पारी की शुरुआत कर रहे थे। बाबर का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था। ऐसे में उन्हें अगले सीजन से पहले ड्रॉप किया जा सकता है।
क्रिकेट.कॉम.एयू के मुताबिक, सीफर्ट ने कहा, "सिक्सर्स इस कॉम्पिटिशन के सबसे जाने-माने और सफल क्लबों में से एक है, इसलिए इस ग्रुप में शामिल होना मेरे लिए खुशी की बात है। मुझे हमेशा ऑस्ट्रेलिया में क्रिकेट खेलना पसंद रहा है, और बिग बैश एक ऐसा टूर्नामेंट है जिसका हिस्सा बनकर मुझे सच में मजा आता है। अब मैजेंटा पहनने और क्लब की सफलता में मदद करने का मौका मिलना, मेरे लिए बहुत खुशी की बात है।"
सिक्सर्स की जीएम रेचल हेन्स ने कहा, "टिम सीफर्ट दुनिया के सबसे अच्छे टी20 बल्लेबाजों में से एक हैं। द हंड्रेड में उनका हालिया प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट प्रदर्शन उनकी क्षमता का एक और उदाहरण है। हम लंबे समय से उनकी तारीफ करते रहे हैं, और उनका अनुभव, अटैकिंग इरादा और मैच जिताने की काबिलियत उन्हें सिक्सर्स के लिए अहम बनाती है। हम क्लब में उनका स्वागत करते हुए बहुत खुश हैं।"
टिम सीफर्ट बेहतरीन फॉर्म में चल रहे हैं। टी20 विश्व कप के बाद उन्होंने इंग्लैंड की 'द हंड्रेड' में शानदार बल्लेबाजी की थी और अपनी टीम मैनचेस्टर सुपर जायंट्स को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई थी। सीफर्ट ने 2026 में मैनचेस्टर सुपर जायंट्स के लिए अपना हंड्रेड डेब्यू किया। उन्होंने 10 पारियों में 168.37 के स्ट्राइक रेट से 394 रन बनाए और टीम को चैंपियन बनाने में मदद की। फाइनल में ट्रेंट रॉकेट्स के खिलाफ सिफर्ट ने 38 गेंदों पर 72 रन बनाए थे।




