महाराजपुर (छतरपुर)। महाराजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बुंदेलखंड का जलियांवाला बाग कहे जाने वाले ऐतिहासिक तीर्थ स्थल चरणपादुका आश्रम में देर रात सनसनीखेज वारदात सामने आई है। आश्रम के महंत रामचरण दास पर अज्ञात हथियारबंद बदमाशों ने अचानक हमला बोल दिया। इस दौरान इलाके में दहशत फैलाने के इरादे से मंदिर परिसर में हवाई फायरिंग भी की गई, जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

मिली जानकारी के अनुसार, देर रात अज्ञात बदमाश हथियारों से लैस होकर आश्रम परिसर में दाखिल हुए और उन्होंने महंत को निशाना बनाते हुए हमला कर दिया। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग जब तक सतर्क होते, तब तक हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही महाराजपुर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस को घटनास्थल से एक जिंदा कारतूस और एक खाली खोखा बरामद हुआ है। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए हैं और अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। महंत पर हमले और फायरिंग की इस घटना के बाद से स्थानीय श्रद्धालुओं और ग्रामीणों में भारी आक्रोश व भय का माहौल है।