छतरपुर/महाराजपुर, शिवम चौरसिया। महाराजपुर में दीपावली के त्योहार को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। आमजन को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला कलेक्टर मृणाल मीना के निर्देश पर यह सख्त कदम उठाया गया है। नौगांव एसडीएम गोपाल शरण पटेल के नेतृत्व में खाद्य विभाग, राजस्व और नगर पालिका की संयुक्त टीम ने बस स्टैंड क्षेत्र की कई दुकानों का औचक निरीक्षण किया।
बस स्टैंड की दुकानों पर प्रशासनिक छापा
त्योहारी सीजन में मिलावटखोरी और अमानक खाद्य पदार्थों की बिक्री पर लगाम लगाने के लिए चलाए गए इस अभियान के तहत अधिकारियों ने बस स्टैंड स्थित मिठाई, चाट, कोल्ड ड्रिंक और जनरल स्टोर की दुकानों की सघन जांच की। इस दौरान महाराजपुर तहसीलदार भरत पांडे, नगर पालिका सीएमओ और खाद्य सुरक्षा अधिकारी वंदना जैन समेत अन्य प्रशासनिक अमला मौजूद रहा, जिससे स्थानीय दुकानदारों में हड़कंप मच गया।
भारी मात्रा में अमानक खाद्य सामग्री और दही जब्त
निरीक्षण के दौरान कई दुकानों पर गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। अधिकारियों को प्रथम दृष्टया कुछ मिठाइयां खराब हालत में मिलीं, जिन्हें मौके पर ही नष्ट कराया गया। इसके साथ ही एक दुकान से 10 किलोग्राम से अधिक संदिग्ध दही और अन्य जगहों से एक्सपायरी डेट की कोल्ड ड्रिंक की पेटियां भी जब्त की गईं। टीम ने गुणवत्ता की जांच के लिए प्रमुख खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर उन्हें परीक्षण हेतु प्रयोगशाला भेज दिया है, जिनकी रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
दुकानदारों को सख्त निर्देश और समझाइश
कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सभी दुकानदारों को कड़ी हिदायत दी कि वे दुकानों में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि त्योहार के इस सीजन में केवल गुणवत्तापूर्ण और ताजे खाद्य पदार्थों की ही बिक्री की जाए तथा किसी भी स्थिति में एक्सपायरी उत्पाद ग्राहकों को न बेचे जाएं। प्रशासन के इस कड़े रुख से मिलावटखोरों में खलबली मची हुई है।













