छिंदवाड़ा, जीशान अंसारी। मध्य प्रदेश स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में छिंदवाड़ा कलेक्टर कार्यालय परिसर में चल रही साज-सज्जा और तैयारियों के बीच एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। कलेक्ट्रेट भवन की छत पर लाइटिंग का कार्य कर रहा एक युवक अचानक संतुलन बिगड़ने से करीब 40 फीट से अधिक की ऊंचाई से सीधे नीचे आ गिरा। हादसे के बाद परिसर में हड़कंप और अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया।
मौके पर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल संभाला और शासकीय वाहन की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका सघन उपचार जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ऊंचाई से गिरने के कारण युवक को गंभीर चोटें आई हैं।
इस घटना के बाद प्रशासनिक परिसर में चल रहे कार्यों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। बड़ा सवाल यह है कि इतनी अधिक ऊंचाई पर जोखिम भरा विद्युत कार्य करवाते समय संबंधित ठेकेदार अथवा जिम्मेदार अमले द्वारा युवक को सेफ्टी बेल्ट, हेलमेट और अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरण क्यों मुहैया नहीं कराए गए थे। सुरक्षा उपायों के अभाव में हुए इस हादसे को लेकर अब ठेकेदार की घोर लापरवाही और प्रशासनिक निगरानी पर सवाल उठ रहे हैं।

















