देवास, हेमंत गुर्जर। मध्य प्रदेश के देवास जिले अंतर्गत चंदाना और बिंजाना गांव में हुए बहुचर्चित शराब कांड के बाद राज्य शासन ने बेहद सख्त रुख अपनाते हुए बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। गंभीर लापरवाही और बिगड़ी स्थिति को देखते हुए देवास के कलेक्टर ऋतुराज सिंह और पुलिस अधीक्षक (एसपी) पुनीत गेहलोत को तत्काल प्रभाव से पद से हटाते हुए राज्य मुख्यालय भोपाल अटैच कर दिया गया है। शासन ने जिले की कमान नए हाथों में सौंपते हुए सिवनी की कलेक्टर नेहा मीना को देवास का नया कलेक्टर तथा बालाघाट एसपी रहे आदित्य मिश्रा को देवास का नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया है। चंदाना-बिंजाना गांव में कथित जहरीली शराब के सेवन से कई ग्रामीणों की संदिग्ध मौत के बाद उपजे भारी जनआक्रोश और राजनीतिक घमासान के बीच सरकार के इस बड़े कदम की प्रदेशभर में चर्चा हो रही है।


IASNehaMeena


IPSAdityaMishra


मौतों के आंकड़ों पर गरमाई थी सियासत, जीतू पटवारी ने सरकार को घेरा था

देवास के चंदाना और बिंजाना में संदिग्ध परिस्थितियों में एक के बाद एक हुई मौतों ने समूचे प्रशासनिक तंत्र को हिलाकर रख दिया था। इस त्रासदी को लेकर मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सीधे तौर पर राज्य सरकार और स्थानीय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए थे। जहां प्राथमिक सूचनाओं में 13 मौतों की बात सामने आई थी, वहीं पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने चंदाना-बिंजाना पहुंचकर दावा किया था कि जहरीली शराब के शिकार होकर जान गंवाने वालों की संख्या 22 तक पहुंच चुकी है। विपक्ष के आक्रामक तेवर और स्थानीय स्तर पर ग्रामीणों के बढ़ते गुस्से को देखते हुए शासन स्तर पर जिम्मेदार शीर्ष अधिकारियों पर जवाबदेही तय करने की मांग तेज हो गई थी।


अवैध शराब नेटवर्क पर पुलिस का शिकंजा, विनोद जायसवाल सहित 10 आरोपी गिरफ्तार

प्रशासनिक तबादलों के समानांतर पुलिस ने इलाके में अवैध शराब के सिंडिकेट पर ताबड़तोड़ कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस की विशेष टीमों ने देवास और आसपास के ठिकानों पर दबिश देकर अवैध शराब के मुख्य कारोबारी विनोद जायसवाल समेत कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से संदिग्ध केमिकल, कच्ची शराब और परिवहन में प्रयुक्त वाहन जब्त किए गए हैं। पुलिस अब इस बात की कड़ाई से जांच कर रही है कि इन गांवों में आपूर्ति की गई शराब कहां तैयार की गई थी और इस जहरीले खेल में स्थानीय स्तर पर किन-किन लोगों का संरक्षण प्राप्त था।


IASRiturajsingh


IPSPuneetGahlot


नए कलेक्टर और एसपी के सामने व्यवस्था सुधारने की बड़ी चुनौती

जिले की कमान संभालने जा रहीं नई कलेक्टर नेहा मीना और नए एसपी आदित्य मिश्रा के सामने देवास में कानून-व्यवस्था बहाल करने और अवैध शराब के माफिया तंत्र को समूल नष्ट करने की गंभीर चुनौती होगी। नेहा मीना को उनके सख्त प्रशासनिक नियंत्रण के लिए जाना जाता है, वहीं बालाघाट जैसे संवेदनशील जिले में कानून-व्यवस्था संभाल चुके तेजतर्रार आईपीएस अधिकारी आदित्य मिश्रा को जिले में पुलिसिंग को पटरी पर लाने की जिम्मेदारी दी गई है। नए अधिकारियों की पदस्थापना से उम्मीद जताई जा रही है कि शराब कांड की जांच में तेजी आएगी और दोषियों पर सख्त कानूनी नकेल कसी जाएगी।